-इंडिया के नाम युवाओं को विदेशों में ले जाती हैं बॉडी बिल्डिंग की फेडरेशन
विजय कुमार/ नई दिल्लीः 12 नवंबर, 2022।
खेलों के जरिए कैसे खिलाड़ियों से रकम ऐंठी जाती है, इसकी एक और मिसाल सामने आई है। वह भी युवाओं में सबसे ज्यादा लोकप्रिय खेल बॉडी बिल्डिंग में। यहां सरकार के खेल मंत्रालय से बिना मान्यता प्राप्त फेडरेशनें इंडिया के नाम का इस्तेमाल कर खिलाड़ियों को बरगला कर उनके साथ करोड़ों की ठगी कर रही है। यही नहीं पता चला है कि इंडियन बॉडीबिल्डर्स फेडरेशन भी खेल मंत्रालय के नाम से खिलाड़ियों को कथित तौर पर धोखा देने का काम कर रही हैं।
केंद्रीय खेल मंत्रालय की नाक के नीचे इंडियन बॉडीबिल्डर्स फेडरेशन ‘मिस्टर इंडिया चैंपियनशिप’ का आयोजन करने जा रही है। यह आयोजन लुधियाना में 23 से 25 दिसंबर तक किया जाएगा। इंडियन बॉडीबिल्डर्स फेडरेशन के नाम से छपे पोस्टरों पर भारतीय खेल मंत्रालय और भारतीय खेल प्राधिकरण का नाम लेकर चैंपियनशिप को आयोजित किया जा रहा है। जबकि सच्चाई यह है कि इंडियन बॉडीबिल्डर्स फेडरेशन की मान्यता खेल मंत्रालय ने 1 जनवरी 2022 को ही रद्द कर दी थी। इसके बावजूद यह फेडरेशन अपने पोस्टरों पर खेल मंत्रालय और भारतीय खेल प्राधिकरण का नाम और लोगो छाप रही है। यही नहीं इन फेडरेशन के पोस्टरों में कुछ अर्जुन अवार्ड पाने वाले खिलाड़ियों के नाम भी शामिल है।
विश्वसनीय सूत्रों का कहना है कि यह फेडरेशन खेल मंत्रालय और साई के नाम पर खिलाड़ियों से पैसा लेकर उन्हें विदेश ले जाने का काम भी कर रही है। इससे पहले यह फेडरेशन इसी साल टीम इंडिया के नाम पर खिलाड़ियों को विदेश ले जा चुकी है। इंडियन बॉडी बिल्डर्स फेडरेशन के नाम से भारतीय टीम के 100 खिलाड़ियों का एक दल 6 से 12 दिसंबर को थाइलैंड जा रहा है। इस टूर्नामेंट को कथित तौर पर वर्ल्ड बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप का नाम दिया जा रहा है। दिलचस्प बात यह है कि इसमें डोप टेस्ट करवाने वाली एजेंसी वाडा की ओर से डोप टेस्ट भी नहीं किया जा है।
गौरतलब है कि मान्यता को लेकर इंडियन बॉडीबिल्डर्स फेडरेशन के उपाध्यक्ष, पदमश्री और अर्जुन पुरस्कार प्राप्त प्रेमचंद डेंगरा ने मान्यता रद्द होने की जानकारी होने से इनकार किया है। जबकि इंडियन बॉडीबिल्डर्स फेडरेशन की सचिव हिरेल शाह ने कहा कि हमारी मान्यता रद्द या खेल मंत्रालय की मान्यता प्राप्त फेडरेशनों की लिस्ट में नाम ना होने की जानकारी खेल मंत्रालय ने उनको नहीं दी है। जब तक हमें कोई जानकारी नहीं मिलती हम कुछ नहीं कह सकते। मगर वह खेल मंत्रालय का नाम अपने मिस्टर इंडिया बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप के पोस्टरों में क्यों लगा रहें है। इस पर उनका कोई जवाब नहीं था।