11 अगस्त को केजरीवाल सरकार के कुछ और राज खोलेंगी पहलवान दिव्या काकरान!

-सवाल उठने के बाद जारी किया अपना दिल्ली कोटे से खेलने का सबूत

हीरेन्द्र सिंह राठौड़/ नई दिल्लीः 10 अगस्त, 2022।
खिलाड़ियों और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सरकार के बीच विवाद लगातार बढते जा रहे हैं। बढ़ते विवादों के बीच मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल लगातार घिरते जा रहे हैं। बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक जीतने वालीं पहलवान दिव्या काकरान लगातार अपने ट्वीटस के जरिये केजरीवाल सरकार को घेर रही हैं।
दिव्या काकरान ने अपने ट्वीटस के जरिये खुलासा किया था कि वह पिछले 20 साल से दिल्ली में रह रही हैं। उन्होने दिल्ली राज्य के लिए खेलते हुए दर्जनों मेडल जीते हैं। लेकिन फिर भी उन्हें दिल्ली सरकार से ना तो मेडल्स जीतने के लिए कोई इनाम राशि मिली और नाही उन्हें सरकार की ओर से कोई सहायता राशि दी गई है।
भारी आरोप-प्रत्यारोपों के बाद 23 वर्षीय महिला पहलवान दिव्या काकरान ने कहा है कि वह गुरूवार 11 अगस्त, 2022 को सांय 4 बजे पत्रकारों के सामने अपनी बात रखेंगीं। उन्होंने अपने ट्विटर हेंडल के जरिये कहा है कि वह सांय 4 बजे मीडिया के सामने आकर अपनी बात रखेंगीं। अब देखना यह होगा कि वह क्या खुलासा करेंगीं।