नगर निगम वार्ड परिसीमन कमेटी के गठन पर सियासी जंग… आप-कांग्रेस ने उठाये सवाल तो बीजेपी ने दिखाया आईना

-एडीशनल कमिश्नर रणधीर सहाय को मिली बड़ी जिम्मेदारी
-कांग्रेस ने उठाये जनगणना संबंधी सवाल
-वार्ड की संख्या बताओ, बोले-केजरीवाल
-बीजेपी ने दिखाया केजरीवाल को आईना

जे.के. शुक्ला/ नई दिल्लीः 9 जुलाई, 2022
दिल्ली नगर निगम के एकीकरण के बाद निगम चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी पूरी तरह से भारतीय जनता पार्टी के ऊपर हमलावर है। ग्रह मंत्रालय की ओर से दिल्ली में निगम वार्डों के परिसीमन के लिए कमेटी के गठन की घोषणा के साथ ही पूरी की पूरी आम आदमी पार्टी सक्रिय हो गयी है। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल कमेटी के गठन को लेकर मैदान में उतर आये हैं। हालांकि बीजेपी ने भी आप नेताओं को आईना दिखा दिया है।
गौरतलब है कि केंद्रीय ग्रह मंत्रालय के केंद्र शासित प्रदेश डिवीजन की ओर से शुक्रवार को एक आदेश जारी किया गया था। इस आदेश में दिल्ली नगर निगम के लिए वार्डों के परिसीमन के लिए एक तीन सदस्यों वाली कमेटी का गठन किया गया है। इस कमेटी में दिल्ली स्टेट इलेक्शन कमिश्नर विजय देव को चेयरमैन, आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय के संयुक्त सचिव पंकज सिंह और दिल्ली नगर निगम में अतिरिक्त आयुक्त रणधीर सहाय को सदस्य बनाया गया है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने इस आदेश की कॉपी शेयर करते हुए अपने ट्वीट में स्वागत करते हुए सवाल उठाया है कि बिना वार्डों की संख्या तय किये कमेटी का गठन करने की घोषणा केवल नाम की है। उन्होंने लिखा है कि दिल्ली में कितने वार्ड होंगे? आदेश में इसका कोई जिक्र नहीं है। फिर यह कमेटी कैसे काम करेगी? इसके साथ ही पार्टी प्रवक्ता और एमएलए ने प्रेस कांफ्रेंस करके आरोप लगाया कि बीजेपी एमसीडी चुनाव से भाग रही है, इसलिए केवल कमेटी की घोषणा की गई है, वार्डों की संख्या तय नहीं की गई है।
आम आदमी पार्टी के आरोपों पर पलटवार करते हुए भारतीय जनता पार्टी ने भी आईना दिखाने की कोशिश की है। प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि पार्टी चुनाव से नहीं डरती, इस तरह के आरोप लगाने वाले खुद बीजेपी से डरते हैं। वहीं, प्रदेश बीजेपी प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने सीएम अरविंद केजरीवाल को किये जवाबी ट्वीट मे लिखा है कि ‘‘अरविंद केजरीवाल जी आपने कुछ चुनाव जरूर जीते हैं पर आप कल भी राजनीतिक रूप से अपरिपक्व थे आज भी हैं। अरे कमेटी बनाई है तो उस कमेटी के नियम एवं कार्य व्यवस्था भी जल्द सोंपी जायेगी – आज देना कोई जरूरी नहीं था।’’
कांग्रेस ने उठाये जनगणना संबंधी सवाल
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी अनिल कुमार ने कहा है कि दस साल पहले की जनगणना के आधार पर वार्डों का परिसीमन किया जाना अवैज्ञानिक है। उन्होंने आगे कहा कि निगम चुनाव टालने की पहली गलती को छुपाने के लिए यह दूसरा गलत फैसला किया जा रहा है। दिल्ली की वास्तविक जनसंख्या जाने वार्डों का परिसीमन कैसे किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के परिसीमन का कांग्रेस पूरी तरह से विरोध करती है। हाल ही में हुए राजेंद्र नगर विधानसभा उपचुनाव में महज 2 हजार वोटों पर सिमट कर जमानत जब्त कराने वाली कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौधरी ने कहा कि कांग्रेस दिल्ली में नगर निगम के एकीकरण और वार्डों के परिसीमन के विरोध में है लेकिन दिल्ली में जल्दी नगर निगम चुनाव चाहती है।
रणधीर सहाय को मिली बड़ी जिम्मेदारी
दिल्ली नगर निगम में अतिरिक्त आयुक्त रणधीर सहाय को नगर निगम वार्डों के परिसीमन के मामले में बड़ी जिम्मेदारी मिली है। वार्डों के परिसीमन के लिए बनाई गई तीन लोगों की कमेटी में रणवीर सहाय दिल्ली नगर निगम की ओर से प्रतिनिधित्व करेंगे। केंद्र सरकार की ओर से पंकज सिंह और दिल्ली सरकार की ओर से विजय देव इस कमेटी में रखे गये हैं। रणधीर सहाय दिल्ली नगर निगम के आयुक्त ज्ञानेश भारती के बेहद नजदीकी और विश्वासपात्र हैं।