MCD BREAKING: भारती के चहेतों को मिली नगर निगम में बड़ी जिम्मेदारियां

-एकीकृत नगर निगम के अस्तित्व में आते ही एसडीएमसी के अधिकारियों की बड़े पदों पर नियुक्ति

हीरेन्द्र सिंह राठौड/ नई दिल्ली, 22 मई 2022
रविवार को दिल्ली नगर निगम के एक बार फिर से अस्तित्व में आते ही दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के अधिकारियों की तूती बोलने लगी है। रविवार को स्पेशल ऑफिसर अश्विनी कुमार और निगम आयुक्त ज्ञानेश भारती ने चार्ज संभाल लिया। इसके साथ ही उन्होंने आदेश जारी कर दिया कि अब दक्षिणी नगर निगम का सेंट्रल एस्टेब्लिशमेंट डिपार्टमेंट (सीएडी) ही पूरी दिल्ली के नगर निगम का सीएडी होगा। इसके साथ ही उन्होंने दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के सीए-कम-एफए को पूरे नगर निगम की जिम्मेदारी सोंप दी है।

यह भी पढ़ेंः CM केजरीवाल के पुराने ‘दुश्मन’ को ‘स्पेशल ऑफिसर’ का ताज… भारती को नगर निगम की कमान

बता दें कि दक्षिणी दिल्ली नगर निगम में विधु अग्रवाल सीएडी की जिम्मेदारी संभाल रही थीं, जोकि अब पूरे नगर निगम के सीएडी की जिम्मेदारी संभालेंगी और अतिरिक्त आयुक्त रणधीर सहाय सीए-कम-एफए की जिम्मेदारी संभालेंगे। बताया जा रहा है कि दक्षिणी दिल्ली नगर निगम में विभिन्न विभागों की जिम्मेदारी संभालते रहे कुछ और अधिकारियों को एकीकृत नगर निगम में बड़ी जिम्मेदारियां देने की तैयारी है। हालांकि इसकी वजह से उत्तरी दिल्ली नगर निगम और पूर्वी दिल्ली नगर निगम में बड़ी जिम्मेदारियां संभालते रहे अधिकारियों में नाराजगी की स्थिति बनने लगी है।

यह भी पढ़ेंः 23 मई से 5 राशि वालों पर होगी माता लक्ष्मी की विशेष कृपा

बताया जा रहा है कि नगर निगम के एकीकरण का रास्ता साफ होने के बाद दक्षिणी दिल्ली नगर निगम में डेपुटेशन पर आये ज्यादातर अधिकारियों को एक्सटेंसन दी जा चुकी है। इसके अलावा कुछ चुनिंदा अधिकारियों को बड़ी जिम्मेदारियों पर बनाये रखने के लिए उनका रास्ता पहले से ही साफ कर दिया गया था।
इंजीनियरिंग चीफ और अतिरिक्त आयुक्तों को लेकर खींचतान
सबसे ज्यादा खींचतान इंजीनियरिंग विभाग के मुखिया और अतिरिक्त आयुक्तों के पदों पर नियुक्ति को लेकर शुरू हो गई है। तीनों नगर निगमों में इंजीनियर इन चीफ का चार्ज संभालते रहे अधिकारी अब इस एक पद पर दावा कर रहे हैं। दूसरी ओर तीनों निगमों में अतिरिक्त आयुक्त रहे अधिकारी भी इसी पद एकीकृत नगर निगम में नियुक्ति चाहते हैं। खास बात है कि विभागीय और प्रतिनियुक्ति पर आये अधिकारियों के बीच भी इन नियुक्तियों के लेकर तनातनी शुरू हो गई है। बताया जा रहा है कि आने वाले दिनों में नियुक्तियों से संबंधित मामले कोर्ट में भी जा सकते हैं।

यह भी पढ़ेंः इस सप्ताह बुध का राशि परिवर्तन… कई राशियों के लिए खोलेगा किस्मत के दरवाजे