उठा निगम कर्मियों की सेलरी व पेंशन का सवाल… तो आयुक्त बोले…

-उत्तरी निगम ने शुरू की आप सरकार से कोर्ट के जरिये पैसा वसूली की कार्रवाई

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली, 12 मई, 2022
उत्तरी दिल्ली नगर निगम के कर्मचारियों व पेंशन धारकों के लिए बड़ी खबर सामने आ रही है। नगर निगम ने अपने कर्मचारियों का वेतन और पेंशन जल्दी देने के लिए कडा कदम उठाया है। निगम ने कोर्ट के जरिये प्राथमिकता के आधार पर नगर निगम का बीओटी और ट्रांसफर ड्यूटी का पैसा दिल्ली सरकार से दिलाने के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। इस मौके पर निगम आयुक्त संजय गोयल के साथ उत्तरी दिल्ली नगर निगम के प्रेस एवं सूचना निदेशक विवेक प्रकाश भी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ेंः पूर्व मेयर ने दिल्ली सरकार से मांगे नगर निगम के 521 करोड़

उत्तरी दिल्ली के निगम आयुक्त संजय गोयल ने गुरूवार को पत्रकारों के साथ अनौपचारिक बातचीत में कहा कि नया वित्त वर्ष शुरू हुए करीब डेढ़ महीना हो चुका है। धन के अभाव में निगम कर्मियों की सेलरी और पेंशन रूकी हुई है। जबकि दिल्ली सरकार से पहली तिमाही का फंड अब तक आ जाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि केवल बीओटी और ट्रांसफर ड्यूटी के मद में ही करीब साढ़े चार सौ करोड़ रूपये आने हैं। इसके लिए नगर निगम ने प्राथमिकता के आधार पर नगर निगम को फंड जारी करवाने के लिए बुधवार को कोर्ट में चाचिका दाखिल की है।

यह भी पढ़ेंः दिल्ली नगर निगम के समक्ष चुनौतियां और स्पेशल ऑफिसर की नियुक्ति में देरी

निगम आयुक्त ने बताया कि निगम कर्मियों को फरवरी तक की सेलरी और सेवा निवृत कर्मचारियों को जनवरी महीने तक की पेंशन का भुगतान किया जा चुका है। सफाई कर्मचारियों को मार्च महीने का वेतन दिया जा चुका है। नगर निगम अपने स्रोतों से आय जुटाने की कोशिश कर रहा है, इसके साथ ही दिल्ली सरकार से भी नये वित्त वर्ष की पहली तिमाही के फंड की भी मांग की गई है। दिल्ली सरकार से पैसा आते ही सेलरी और पेंशन का भुगतान कर दिया जायेगा।