-13000 बच्चे बढ़े हैं तो भाजपा नए स्कूल बनाने की जगह 40 स्कूल बंद क्यों कर रही हैः दुर्गेश पाठक


एसएसस ब्यूरो/ नई दिल्ली
आम आदमी पार्टी (आप) ने एक बार फिर नगर निगम में सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी के ऊपर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। एमसीडी प्रभारी दुर्गेश पाठक ने बुधवार को कहा कि भाजपा शासित नॉर्थ एमसीडी 40 स्कूल बंद करने जा रही है। इसका कारण उन्होंने दिया है कि स्कूलों में बच्चे कम हैं। जबकि खुद नॉर्थ एमसीडी का कहना है कि पिछले साल 2.9 लाख बच्चे थे और इस साल 3.03 लाख के आसपास बच्चे हैं। जब 13000 बच्चे बढ़े हैं तो भाजपा नए स्कूल बनाने की जगह 40 स्कूल बंद क्यों कर रही है। नॉर्थ एमसीडी ने पिछले साल 34 स्कूल बंद किए थे, तब भी बच्चे कम होने का कारण दिया था। हमें खबर मिली है कि जल्द ही भाजपा इन 40 स्कूलों को बेचने का प्रस्ताव रखने वाली है। दुर्गेश पाठक ने कहा कि एक तरफ अरविंद केजरीवाल के स्कूल हैं जो देश ही नहीं विदेशों में भी चर्चित हैं, वहीं एमसीडी अपने स्कूलों को बंद कर अपने नेताओं को बेचने की तैयारी में है।
यह भी पढ़ेंः डॉक्टर ने मरीज के पेट में छोड़ी ड्रैसिंग… गिरिधर लाल हॉस्पिटल का कारनामा
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और एमसीडी प्रभारी दुर्गेश पाठक ने बुधवार को एक डिजिटल प्रेस वार्ता को संबोधित किया। दुर्गेश पाठक ने कहा कि कोई भी देश कोई भी राष्ट्र तबतक आगे नहीं बढ़ सकता है जबतक वहां स्कूलों का अच्छा सिस्टम ना हो। आपने देखा होगा कि आम आदमी पार्टी ने एक काम किया है, जो दूसरों को असंभव लगता था कि ऐसा भी कभी हो सकता है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और दिल्ली के उपमुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया के नेतृत्व में दिल्ली में शिक्षा का एक ऐसा सिस्टम बना, स्कूलों का एक ऐसा जाल बुना कि आज हिंदुस्तान में ही नहीं बल्कि विदेशों में भी चर्चे हो रहे हैं कि आम आदमी पार्टी ने दिल्ली के शिक्षा मॉडल को पूरी तरह बदल दिया है।
यह भी पढ़ेंः दिल्ली-एनसीआर में गुरू-शुक्र को होगी बारिश
पंजाब में आम आदमी पार्टी चुनाव लड़ने जा रही है, वहां के लोग भी कहते हैं कि आपने स्कूल बहुत अच्छे बनाए हैं। आप गोवा चले जाओ, वहां के लोग भी यही बात दोहराते हैं। इसी प्रकार से आप कहीं भी कैंपेन करने चले जाओ लोग यही कहते हैं कि आम आदमी पार्टी ने दिल्ली के शिक्षा मॉडल को बहुत अच्छा कर दिया है। जब दिल्ली के लोग दिल्ली में शिक्षा सिस्टम में आए बदलाव पर इतना गर्व कर रहे हों, उनके लिए बड़ी हताश करने वाली बात होगी कि उसी दिल्ली में जो एमसीडी है, जिसके अंतर्गत बहुत सारे स्कूल आते हों, जहां बहुत ही गरीब परिवार के बच्चे पढ़ने जाते हों, बड़ी ही शर्म की बात है कि वह एमसीडी लगातार स्कूलों को बंद कर रही है।
यह भी पढ़ेंः रोटेशन ने खोला BJP के कई पूर्व पार्षदों का रास्ता… वर्तमान पार्षदों में मायूसी
कुछ दस्तावेज पेश करते हुए दुर्गेश पाठक ने कहा कि भाजपा शासित एमसीडी ने अभी कुछ दिनों पहले दक्षिणी दिल्ली के स्कूल बंद किए थे। इसी तरह से अब वह उत्तरी दिल्ली के स्कूल बंद करने जा रहे हैं। पिछले साल इन्होंने नॉर्थ एमसीडी के 34 स्कूल बंद किए थे। वहीं इस साल 40 स्कूलों को बंद करने का प्रस्ताव लाया जा रहा है। जिसके दस्तावेज मेरे पास उपलब्ध हैं जिसमें सभी 40 स्कूलों की जानकारी लिखी हुई है। जब यह 40 स्कूल बंद हो जाएंगे, तो वहां पढ़ने वाले बच्चे कहां जाएंगे, यह तो एक बड़ा प्रश्न है ही, लेकिन महत्वपूर्ण बात यह है कि कुछ अखबारों के जरिए हमें पता चला कि एमसीडी के अधिकारियों का कहना है कि बच्चे कम हो गए हैं इसलिए स्कूल बंद कर रहे हैं। जबकि खुद नॉर्थ एमसीडी का कहना है कि पिछले साल उनके पास 2.90 लाख बच्चे थे और इस साल 3,03,000 लाख के आसपास बच्चे हैं। मतलब 13000 बच्चे एमसीडी में बढ़े हैं। इसके बावजूद 40 स्कूलों को बंद करने की नौबत क्यों आ रही है?
इसमें साफ गड़बड़ी नज़र आती है। अगर 13000 बच्चे एमसीडी के स्कूलों में बढ़े, तब तो और स्कूल खुलने चाहिए थे। फिर स्कूलों को बंद क्यों किया जा रहा है? भारतीय जनता पार्टी में हमारे कई लोग मौजूद हैं जो हमें सभी जरूरी जानकारी उपलब्ध कराते हैं। हाल ही में भाजपा पार्षदा ने ढ़लाव की ज़मीन पति को दे दी और ऊपर से यह कहा कि इसमें कुछ गलत नहीं है। यह खबर भी हमें वहीं से मिली। अब हमें यह खबर मिली है कि जो 40 स्कूल हैं, अगली बार भाजपा उन्हें बेचने का प्रस्ताव लेकर आने वाली है। भाजपा के नेता एनजीओ बनाकर उन स्कूलों की ज़मीन अपने नाम कर लेंगे। पहले ज़मीनों पर कब्जा किया, ओल्ड होम पर कब्जा किया, अस्पतालों पर कब्जा की, ढ़लाव की ज़मीन पर कब्जा किया और अब स्कूलों पर कब्जा करने का प्लान बना रहे हैं।
सभी को पता है कि दिल्ली में ज़मीन की बहुत समस्या है, लेकिन भाजपा ने यह नया तरीका निकाला है कि पहले स्कूल बंद करेंगे फिर उसकी इमारत को यह कहकर किसी एनजीओ को दे देंगे कि यह एनजीओ बहुत अच्छा है, यहां बहुत अच्छे काम होते हैं। असल में यह एनजीओ प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से भाजपा के ही किसी नेता का होगा। एक तरीके से यह जो 40 स्कूल हैं, उनको बेचकर भाजपा के नेता इन ज़मीनों पर कब्जा करना चाहते हैं। मैं भाजपा के नेताओं से कहना चाहता हूं कि अब बहुत कम वक्त बचा है। आपके पास मुश्किल से 2-2.5 महीना बचा हुआ है। इस बार एमसीडी में आम आदमी पार्टी की सरकार आएगी। इन सभी चीजों की जांच कराएंगे और सभी दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई कराएंगे।
चुनाव आते देख ‘आप’ रच रहे झूठे प्रपंचः प्रवीण शंकर


दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा है कि जैसे नगर निगम चुनाव नजदीक आ रहा है वैसे वैसे आम आदमी पार्टी के नेताओं के झूठे प्रपंच बढ़ते जा रहे हैं। खासकर ’आप’ नेता दुर्गेश पाठक तो सफेद झूठ बोलने लगे हैं। बुधवार को दुर्गेश पाठक ने दिल्ली सरकार के स्कूलों के उच्च स्तर का दावा करते हुए नगर निगमों पर 40 स्कूल बंद करने का आरोप लगाया जो दोनों ही बातें झूठी हैं।
नगर निगम कोई स्कूल बंद नही कर रहा ना कोई स्कूल भवन खाली कर रहा है, केवल शाम की पाली में चलने वाले कुछ स्कूलों को छात्रों के अभाव के चलते प्रातः पाली के स्कूलों के साथ मर्ज किया जा रहा है। कोविड काल के बावजूद नगर निगम अपने सभी प्राईमरी स्कूल आन लाईन चला रहा है और छात्रों की शिक्षा नियमित चल रही है।
दूसरी ओर दुर्गेश पाठक का दिल्ली सरकार के स्कूलों में सुधार के दावे खोखले हैं, दिल्ली में सात साल मे एक भी नया स्कूल नहीं खुला है, केवल कुछ पुराने स्कूलों में कमरे जुड़े हैं। दिल्ली सरकार के तीन चौथाई से अधिक स्कूलों में सीनियर सेकंडरी में विज्ञान एवं कॉमर्स पढ़ाने की व्यवस्था नही है, 50 फीसदी से अधिक स्कूलों में प्रधानाध्यापक नही हैं और 30 फीसदी से अधिक शिक्षकों के पद खाली पड़े हैं।
बेहतर होगा कि आम आदमी पार्टी नेता नगर निगमों पर राजनीतिक विद्वेष से आरोप लगाने के बजाये दिल्ली सरकार अपने हायर सेकंडरी एवं नगर निगमों के प्राईमरी स्कूलों के समग्र विकास के लिये काम करे। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेता निगम चुनाव आते देख बौखला गये हैं और बिना सिर-पैर के आरोप लगा रहे हैं।