Petrol Pump

हरियाणा में 24 घंटे बंद रहेंगे पेट्रोल पंप

-सुबह 6 बजे से 24 घंटे बंद रहेंगे पेट्रोल पंप, सिर्फ पुलिस के वाहनों व एंबुलेंस को मिलेगा तेल
-पूरे राज्य में खुले रहेंगे सीएनजी पंप, सीएनजी पंप मालिक नहीं हैं हड़ताल में शामिल

एसएस ब्यूरो/ चंडीगढ़
सोमवार सुबह 6 बजे से मंगलवार सुबह 6 बजे तक पूरे हरियाणा के पेट्रोल पंप बंद रहेंगे। ऑल हरियाणा पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन व पेट्रोलियम डीलर वेलफेयर एसोसिएशन ऑफ हरियाणा के आह्वान पर 15 नवंबर की सुबह 6 बजे से 24 घंटे की हडताल की घोषणा की गई है। एसोसिएशन का कहना है कि सरकार की नीतियों के चलते उन्हें नुकसान हो रहा है। इसके विरोध में वह 24 घंटे की हड़ताल कर रहे हैं। इस दौरान सरकारी वाहन, एंबुलेंस व पुलिस के वाहनों को ही तेल मिलेगा।

यह भी पढ़ेंः बीजेपी के झुग्गी सम्मान के जवाब में आप का ‘आरओ वाटर एटीएम’

हरियाणा के रोहतक में एक पेट्रोल पंप संचालक ने बताया कि 15 नवंबर को सुबह छह बजे से 16 नवंबर को सुबह छह बजे तक कहीं पर पेट्रोल व डीजल नहीं मिलेगा। शहर में तीन अलग-अलग कंपनियों के 142 से अधिक पेट्रोल पंप हैं। इन सभी पर 24 घंटे पेट्रोल-डीजल नहीं दिया जाएगा और न ही खरीद होगी।

यह भी पढ़ेंः एसडीएमसीः हाथ मलते रह गये बीजेपी नेता… अफसरों ने डाक से भेज दिये रेहड़ी-पटरी के कन्फर्मेशन लैटर

इस दौरान सीएनजी पंप खुले रहेंगे। एसोसिएशन की मुख्य मांगों में विदेश से मंगाए जा रहे बेस ऑयल मंगवाकर प्रदेश में गोदामों में बन रहे मानक के विपरीत डीजल की बिक्री रोकी जाए। तेल कंपनियों की ओर से डीलरों पर थोपी गई एक्साइज ड्यूटी व वैट कम किया जाए। वर्ष 2017 के बाद डीलरों का कमीशन नहीं बढ़ाया गया है, इसे बढ़ाया जाए। पेट्रोल पंपों के खर्च बढ़ गए हैं, जबकि कमीशन वही है। गत चार वर्षों का बकाया कमीशन भी दिया जाए। प्रदेश में वैट घटाकर पंजाब के बराबर किया जाए।
विभिन्न व्यापारिक संगठनों का हड़ताल को समर्थन
राष्ट्रीय जन उद्योग व्यापार संगठन सहित कई व्यापारिक संगठनों ने सोमवार को पेट्रोलियम डीलर वेलफेयर एसोसिएशन हरियाणा के पक्ष में बंद को अपना समर्थन देते हुए उनकी मांगों को जायज बताया है। प्रदेश और केंद्र सरकार एवं तेल कंपनियों की हठधर्मिता के कारण पेट्रोल पंप संचालकों को वैट में असमानता के कारण समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। तेल कंपनियां भी पेट्रोल पंप मालिकों का कमीशन नहीं बढ़ा रहे हैं। जिस कारण उनको और भी नुकसान हो रहा है।