महंगा हुआ रोड पर चलना… दिल्ली-एनसीआर में ढाई रूपये से ज्यादा बढ़े सीएनजी के दाम

-पीएनजी हुई महंगी, जानिए कीमतों में कितनी हुई बढ़ोतरी 

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली
सड़क पर गाड़ी चलाना दिनोंदिन महंगा होता जा रहा है। पेट्रोल और डीजल के दामों में भारी बढ़ोतरी के बाद सरकार ने सीएनजी और पीएनजी के दाम भी बढ़ा दिये हैं। दिल्ली-एनसीआर में पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने के साथ ही अब सीएनजी और पीएनजी के दाम भी बढ़ गए हैं। दिल्ली में सीएनजी 2.28 रुपये प्रति किलो जबकि नोएडा, गाजियाबाद में 2.55 रुपये प्रति किलो महंगी हो गई है। इसी तरह पीएनजी के दामों में भी 2.10 रुपये की बढ़ोतरी की गई है।

यह भी पढ़ेंः करोलबागः बिल्डर माफिया का एक और कारनामा… सील किये जा चुके ‘भरत भवन’ में डाल दिया एक और फ्लोर!

इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड के मुताबिक, प्राकृतिक गैस को बृहस्पतिवार को 62 फीसदी महंगा किए जाने के चलते शुक्रवार को दिल्ली में सीएनजी की कीमत में 2.28 रुपये प्रति किलोग्राम, जबकि नोएडा, गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा में 2.55 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी हो गई। इसके साथ ही पीएनजी के दाम 2.10 रुपये प्रति घन मीटर बढ़ाए गए हैं।
वाणिज्यिक एलपीजी सिलिंडर 43.50 रुपये महंगा 
पेट्रोलियम कंपनियों ने वाणिज्यिक एलपीजी सिलिंडर के दाम में 43.50 रुपये की बढ़ोतरी की है। नई कीमत शुक्रवार से ही प्रभावी हो गईं। हालांकि घरेलू एलपीजी सिलिंडर के दामों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले वाणिज्यिक एलपीजी सिलिंडर की कीमत अब 1736.50 रुपये हो गई है। इससे पहले इसके दाम 1693 रुपये थे। बता दें कि पिछले महीने यानी कि एक सितंबर को वाणिज्यिक एलपीजी सिलिंडर के दाम में 75 रुपये की वृद्धि की गई थी।
हवाई ईंधन के दाम 5.8 फीसदी बढ़ाये
विमानों में उपयोग होने वाले हवाई ईंधन (एटीएफ) के दाम भी 5.8 फीसदी बढ़ाए गए हैं। दिल्ली में अब एटीएफ के दाम 72582.16 रुपये प्रति किलोलीटर, जबकि मुंबई में 70,880.33 रुपये प्रति किलोलीटर हो गए हैं। इसका असर हवाई यात्रा के टिकटों पर भी पड़ेगा।
सीएनजी के नए दामों पर एक नजर
शहर                 रुपये/किग्रा
दिल्ली                   47.48
नोएडा                   53.45
गाजियाबाद            53.45
गुरुग्राम                 55.81
रेवाड़ी                   56.50
करनाल                 54.70
कैथल                   54.70
मुजफ्फरनगर        60.71
मेरठ                    60.71
शामली                 60.71
कानपुर                63.97
फतेहपुर               63.97
हमीरपुर               63.97
पीएनजी का नया मूल्य
शहर                    रुपये/घन मीटर
दिल्ली                        33.01
नोएडा                       32.86
गाजियाबाद                32.86