-हमीरपुर के मौदहा में यूपी एसटीएफ के साथ हुई मुठभेड़
-बुधवार सुबह करीब साढ़े 6 बजे पुलिस ने किया सफाया
टीम एटूजैड/ हमीरपुर
कानपुर के चौबेपुर में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या के मामले में फरार चल रहे विकास दुबे के करीबी शार्प शूटर अमर दुबे को यूपी एसटीएफ ने बुधवार की सुबह में हुए एनकाउंटर में मार गिराया। हमीरपुर के मौदहा में हुई पुलिस के साथ इस मुठभेड़ में अमर दुबे ढेर हो गया। अमर दुबे कानपुर कांड में नामजद और वांछित था।
यह भी पढ़ेंः- SOUTH DMC: नगर निगम ने माना… बिना काम किये दिया गया कर्मियों को वेतन
उत्तर प्रदेश एसटीएफ के मुताबिक जब उसने अमर दुबे को घेरा तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। जिसके बाद जवाबी फायरिंग में अमर दुबे ढेर हो गया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक बुधवार की सुबह साढ़े 6 बजे यह एनकाउंटर किया गया। बताया जा रहा है कि अमर दुबे मौदहा में अपने करीबी रिश्तेदार के घर छिपने जा रहा था।
यह भी पढ़ेंः- बदलेगा वर्षा जोशी का एक और फैसला
पुलिस को जानकारी मिली थी कि इससे पहले वह फरीदाबाद में छिपा हुआ था। लेकिन यूपी एसटीएफ के दबाव में वहां से भागकर मौदहा पहुंचा था। ऐसे में उसका पीछा कर रही एसटीएफ ने जब उसे घेर लिया तो उसने तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद दोनों ओर से हुई गोलीबारी में अमर दुबे ढेर हो गया।
चौबेपुर शूटआउट में शामिल अमर था विकास दुबे का करीबी
पुलिस एनकाउंटर में ढेर हुआ शूटर अमर दुबे फरार चल रहे गैंगस्टर विकास दुबे का राइट हैंड बताया जा रहा है। वह चौबेपुर के विकरू गांव में हुए शूटआउट में शामिल था और पुलिस ने उस पर 25 हजार का इनाम घोषित किया हुआ था। सूत्रों के मुताबिक पुलिस उसे मारना नहीं चाहती थी बल्कि जिन्दा पकड़ना चाहती थी। लेकिन जब एसटीएफ ने उससे सरेंडर करने को कहा तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। जिसके बाद जवाबी फायरिंग में वह ढेर हो गया। यूपी एसटीएफ इसे बड़ी कामयाबी मान रही है।
एनकाउंटर के डर से सरेंडर की फिराक में विकास दुबे
मुख्य आरोपी और यूपी के बड़ा गैंगस्टर विकास दुबे लगातार फरार चल रहा है। उसे अपने एनकाउंटर का डर है। बताया जा रहा है कि वह अपने वकीलों के माध्यम से कोर्ट में सरेंडर करने के जुगाड़ में है। पुलिस को उसकी लास्ट लोकेशन फरीदाबाद में मिली है। यहां वह एक होटल में रुकने के लिए कमरा लेने पहुंचा था। लेकिन जब तक पुलिस पहुंचती वह यहां से भी फरार हो गया था। अब फरीदाबाद से उसके दो करीबियों को एसटीएफ ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस को शक है कि वह हरियाणा या दिल्ली के कोर्ट में सरेंडर करने की कोशिश में है।
नीली टीशर्ट में फरार हुआ विकास
उत्तर प्रदेश के कानपुर में पुलिस पार्टी पर हमला करने का आरोपी विकास दुबे अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। उसके फरीदाबाद में होने की खबर पर पुलिस ने छापेमारी की थी, लेकिन वह फरार होने में कामयाब रहा। इसके बाद यूपी की एसटीएफ टीम ने गुरुग्राम, दिल्ली और फरीदाबाद में लोकल पुलिस के साथ छापेमारी की है लेकिन विकास दुबे अभी तक पुलिस के हाथ नहीं लगा है।
सेक्टर-87 में रिश्तेदार के यहां रूका
बताया जा रहा है कि विकास दुबे फरीदाबाद के सेक्टर 87 में अपने एक रिश्तेदार के यहां रुका था। विकास के साथ कानपुर से फरीदाबाद आए शख्स प्रभात मिश्रा और फरीदाबाद में शेल्टर देने वाले अंकुर को गिरफ्तार कर लिया गया है। इनके पास से 4 पिस्टल भी बरामद हुई हैं। विकास दुबे की योजना यहां के होटल में रूकने की थी। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए अंकुर और प्रभात ने बताया कि विकास दुबे ने नीले रंग की टीशर्ट पहनी हुई थी। यह भी बताया जा रहा है कि विकास के पास कोई आईडी नहीं होने की वजह से होटल में कमरा नहीं दिया गया था।