-कांग्रेस महिला नेता ने राष्ट्रीय सचिव एवं यूपी प्रभारी के साथ की हाथापाई
-देवरिया में कांग्रेस कार्यालय पर महिला समर्थकों व कांग्रेस कार्यकर्ताओं में मारपीट
एसएस ब्यूरो/ देवरिया
उत्तर प्रदेश में अपनी सियासी जमीन तलाश रही कांग्रेस के नेताओं में थोड़ी सी भी संजीदगी नहीं बची है। उत्तर प्रदेश में तीन नवंबर को विधानसभा की सात सीटों पर चुनाव होना है। लेकिन देवरिया सदर विधानसभा सीट पर टिकट नहीं मिलने से कांग्रेस की एक महिला नेता इतनी नाराज हुईं कि उन्होंने प्रदेश प्रभारी के साथ ही मारपीट कर दी। देवरिया में शनिवार को उपचुनाव को लेकर कांग्रेस की बैठक में अचानक उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया जब पार्टी की एक नेत्री ने राष्ट्रीय सचिव और प्रदेश प्रभारी सचिन नायक पर हमला बोल दिया। महिला नेता अचानक सचिन नायक के साथ हाथापाई करने लगी। प्रत्यक्षदर्शियों का यह भी कहना है कि इस दौरान नायक पर गुलदस्ता भी फेंका गया।
यह भी पढ़ें- जानें, सूर्य और बुध का गठजोड़… निकालेगा किसकी परेशानियों का तोड़?
दरअसल देवरिया की सदर विधानसभा सीट से कांग्रेस ने मुकुंद भास्कर को टिकट दिया है और यह महिला नेता इसी बात से नाराज थीं। शनिवार को जिला कांग्रेस कार्यालय पर कांग्रेसियों ने मुकुंद भाष्कर का स्वागत किया। राष्ट्रीय सचिव और प्रदेश प्रभारी सचिन नायक देवरिया में कैंप कर लगातार चुनाव की तैयारियों पर नजर रख रहे हैं। शनिवार को मुकुंद भाष्कर के स्वागत के बाद वह चुनावी रणनीति बनाने के लिए कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रहे थे।
यह भी पढ़ें- हाथरस की मिस्ट्रीः पीड़ित परिवार के साथ रहने वाली ‘नकली भाभी’ फरार
इसी दौरान खुद टिकट की दावेदार रहीं यह महिला नेत्री गुलदस्ता लेकर पार्टी कार्यालय के अंदर पहुंचीं। आरोप है कि नेत्री ने गुलदस्ता देने के बहाने पार्टी के राष्ट्रीय सचिव सचिन नाइक के साथ हाथापाई की। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक राष्ट्रीय सचिव सचिन नायक से हो रही हाथापाई को देखकर पार्टी कार्यकर्ता भड़क गए। उन्होंने नेत्री को धक्का देकर बैठक से बाहर निकाला। इस दौरान कार्यकर्ताओं और नेत्री के समर्थकों के बीच भी मारपीट हुई। बैठक में काफी देर तक अफरातफरी मची रही। बड़ी मुश्किल से मामला शांत हो पाया।
यह भी पढ़ें- NORTH DMC: अधिकारियों ने किया बैठकों का बहिष्कार… स्थायी समिति के बाद आरपी सेल की बैठक में भी नहीं हुए शामिल
घटना के बाद कांग्रेस की इस महिला नेता ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष समेत चार नामजद और अन्य के खिलाफ मारने-पीटने व छेड़खानी करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। सचिन नायक ने बताया कि विधानसभा मैं उप चुनाव को लेकर जिला कांग्रेस कार्यालय पर बैठक कर रहा था। इसी दौरान एक नेत्री गुलदस्ता लेकर आईं और दुर्व्यवहार करने लगीं। यह देखकर बैठक में मौजूद कांग्रेस जनों ने महिला को कार्यालय से बाहर कर दिया। उनके साथ किसी ने मारपीट नहीं की है।
वहीं कांग्रेस जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि यह महिला नेत्री सदर विधानसभा उप चुनाव में अपने लिए टिकट मांग रही थी। डेढ़ दर्जन दावेदारों में किसी एक को ही टिकट मिलना था। इससे नाराज होकर उन्होंने शनिवार को राष्ट्रीय सचिव के साथ बदसलूकी की है। उनके आरोप सरासर गलत और निराधार हैं।