SDMC जोन कार्यालय में BJP पार्षद द्वारा बंधक बनाये गये उपायुक्त भूपेश चौधरी का तबादला

-जोन चेयरमैन सत्यपाल मलिक ने बनाया था बंधक, सदन की बैठक में भी उठी थी कार्रवाई की मांग
-चौधरी की आईएएस पत्नी शशांका आला हैं उत्तरी दिल्ली में करोलबाग जोन की उपायुक्त

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली, 5 मार्च, 2022
दक्षिणी दिल्ली नगर निगम में जोन चेयरमैन सत्यपाल मलिक के साथ हुए विवाद के बाद उपायुक्त भूपेश चौधरी का तबादला दिल्ली सरकार में कर दिया गया है। अब वह दिल्ली सरकार के उद्योग विभाग में विशेष आयुक्त की जिम्मेदारी निभाएंगे। बता दें कि जोन चेयरमैन सत्यपाल मलिक के साथ्ज्ञ विवाद के बाद चौधरी को नजफगढ़ जोन से मध्य जोन का उपायुक्त बनाया गया था। इसके बाद भी विवाद शांत नहीं हुआ था, तो अब दो मार्च को निगम से उनका स्थानांतरण दिल्ली सरकार में करने के आदेश जारी कर दिया गया है। 4 मार्च शुक्रवार को भूपेश चौधरी निगम से कार्यमुक्त हो गये हैं।

यह भी पढ़ेंः होली पर बिहार-बंगाल जाने वालों के लिए खुशखबरी… जान लें रेलवे का इंतजाम और कहां मिलेगा कंफर्म टिकट?

बता दें कि नजफगढ़ जोन के चेयरमैन और बीजेपी पार्षद सत्यपाल मलिक ने जनता की शिकायतों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए चार फरवरी को चौधरी के दफ्तर में ताला लगाकर बंधक बना लिया था। इसके बाद दिल्ली पुलिस के हस्तक्षेप के बाद जोन उपायुक्त के दफ्तर का ताला खोला गया। इसके पश्चात जोन चेयरमैन ने सात फरवरी को सदन की बैठक में उपायुक्त को न हटाये जाने पर अपने इस्तीफे की चेतावनी दे दी थी। जिसके बाद महापौर मुकेश सुर्यान ने चौधरी को वहां से हटाने के आदेश दिए थे।

यह भी पढ़ेंः वक्फ बोर्ड में मचा घमासान… बाहर होंगे अमानतुल्लाह खान !

भूपेश चौधरी को 17 फरवरी को नजफगढ़ जोन से हटाकर मध्य जोन में स्थानांतरित कर दिया था। बता दें कि भूपेश चौधरी हरियाणा के पानीपत के मूल निवासी हैं, जबकि उनकी पत्नी शशांका आला हैदराबाद से संबंध रखती हैं और फिलहाल उत्तरी दिल्ली नगर निगम में करोलबाग जोन की उपायुक्त हैं। दोनों पति-पत्नी दिल्ली से पहले मिजोरम में अपनी सेवाएं देकर आये हैं।