त्योहारों पर फुस्स हुआ नगर निगम का विशेष सफाई अभियान…!

-शहर में जगह जगह जमा हुआ कूड़ा, नहीं दिख रही सफाई
-13 अक्टूबर से 12 नवंबर तक चल रहा विशेष सफाई अभियान

हीरेन्द्र सिंह राठौड़/ नई दिल्ली
राजधानी दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी शासित विशेष सफाई अभियान फुस्स हो गया है। शहर में तीनों नगर निगम के इलाकों में जगह जगह कूड़े के ढेर दिखाई दे रहे हैं। त्योहारों पर सुबह-शाम सफाई का दावा किया गया था, लेकिन एक समय भी सफाई कर्मचारी ढंग से काम करते नजर नहीं आ रहे हैं। विपक्ष का दावा है कि नगर निगम ने सफाई कर्मचारियों को कहीं सेलरी तो कहीं बोनस नहीं दिया है। जिसकी वजह से सफाई कर्मचारियों ने अस अभियान से दूरी बना ली है।

यह भी पढ़ेंः ‘आप’ की दिल्ली और कांग्रेस के राजस्थान में महंगा मिल रहा पेट्रोल… बीजेपी के यूपी-हरियाणा में सस्ता हुआ तेल

बता दें कि त्योहारों को देखते हुए दिल्ली के तीनों उत्तरी दिल्ली नगर निगम, दक्षिणी दिल्ली नगर निगम और पूर्वी दिल्ली नगर निगम की ओर से ‘विशेष सफाई अभियान’ की घोषणा की गई थी। यह अभियान 13 अक्टूबर से 12 नवंबर 2021 तक चलाया जा रहा है। इस दौरान दशहरा पर्व व ईद निकल चुके हैं और दीवापवली का पंच दिवसीय पर्व शनिवार को पूर्ण हुआ है। आने वाले 10 नवंबर को छठ पर्व मनाया जायेगा। लेकिन दीपावली पर्व के दौरान ही इस सफाई अभियान की धज्जियां उड़ती दिखाई दे गईं।

यह भी पढ़ेंः कनाडा से अन्नपूर्णा माता की वापसी… वाराणसी के विश्वनाथ मंदिर होगी प्राण प्रतिष्ठा

दक्षिणी दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति के अध्यक्ष बीके ओबरॉय से जब इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि दीपावली के पर्व पर सफाई कर्मचारी छुट्टी पर रहते हैं, इसलिए सफाई नहीं हो सकती। उत्तरी दिल्ली की पूर्व महापौर प्रीति अग्रवाल ने कहा कि ‘हमारे सफाई कर्मचारी दिन-रात काम कर रहे हैं। यदि किसी को कहीं कूड़ा नजर आता है तो वह हमें बता सकते हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली की केजरीवाल सरकार नगर निगमों को सहयोग नहीं कर रही है, यदि वहां से पूरा सहयोग मिले हम मिलकर और अच्छा काम कर सकते हैं।
दक्षिणी दिल्ली नगर निगम में प्रतिपक्ष के नेता प्रेम चौहान ने कहा कि विशेष सफाई अभियान कहीं भी दिखाई नहीं दे रहा है। निगम पार्षद अपने खुद के प्रयासों से यदि कुछ काम करवा रहे हैं तो उतना ही हो पा रहा है। नगर निगम की तरफ से किसी भी तरह के विशेष इंतजाम दिखाई नहीं दे रहे हैं। फिर कैसे मान लें कि कोई अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सत्ताधारी दल बीजेपी के नेता केवल झूठी घोषणाएं कर रहे हैं। जमीन पर कोई काम नहीं हो रहा है।
पूर्वी दिल्ली नगर निगम में प्रतिपक्ष के नेता मनोज त्यागी ने कहा कि पूर्वी दिल्ली में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। कहीं भी कोई सफाई अभियान नजर नहीं आ रहा है। बीजेपी नेताओं के अपने वार्डों में भी बड़े-बड़े कुड़े के ढेर लगे हुए हैं। सफाई व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। वहीं उत्तरी दिल्ली नगर निगम में पुरानी दिल्ली से निगम पार्षद एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष राकेश कुमार ने कहा कि पुरानी दिल्ली में भी सफाई अभियान कहीं नजर नहीं आ रहा है। चारों ओर गंदग फैली रहती है। नगर निगम सफाई व्यवस्था देने में पूरी तरह से फेल साबित हो रहा है।