BJP: प्रभारियों में फेरबदल… डेढ़ साल पहले बीजपी में आए बैजयंत पांडा बने दिल्ली के प्रभारी

-बीजेपी ने की प्रभारियों की नई सूची जारी, राधा मोहन सिंह को मिली उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी
-श्याम जाजू व अनिल जैन नहीं मिली जिम्मेदारी, आशीष सूद बनाए जम्मू-कश्मीर के सह प्रभारी

हीरेन्द्र सिंह राठौड़/ नई दिल्ली
दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी को नया प्रभारी मिल गया है। करीब डेढ़ साल पहले बीजेपी में आए बैजयंत पांडा को प्रभारी के रूप में दिल्ली की कमान सोंपी गई है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शुक्रवार को पार्टी के नवनियुक्त पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंप दी। उन्होंने महासचिव कैलाश विजयवर्गीय पर भरोसा जताते हुए फिर से पश्चिम बंगाल का प्रभारी बनाया है। वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री राधा मोहन सिंह को उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी सोंपी गई है। खास बात है कि दिल्ली से आने वाले पूर्व महामंत्री अनिल जैन और पूर्व उपाध्यक्ष श्याम जाजू को इस बार भी कोई जिम्मेदारी नहीं सोंपी गई है। जबकि दिल्ली प्रदेश बीजेपी के पूर्व महामंत्री आशीष सूद को जम्मू-कश्मीर का सह प्रभारी नियुक्त किया गया है।

यह भी पढ़ें- जानें, सूर्य खोलेंगे 4 राशियों के लिए खजाने का दरवाजा, गुरू दिलाएंगे किसे तरक्की?

जारी की गई सूची के मुताबिक बीजेपी ने आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और फिल्म कलाकार एनटी रामाराव की बेटी डी पुरंदेश्वरी को छत्तीसगढ़ का प्रदेश प्रभारी बनाया है। बता दें कि डी पुरंदेश्वरी को दक्षिण भारत की सुषमा स्वराज कहा जाता है और वह दक्षिण भारत में काफी लोकप्रिय नेता मानी जाती हैं। इसके अलावा यह भी कहा जाता है कि उन्हें 5 भाषाओं का ज्ञान है। डी पुरंदेश्वरी को हिंदी, अंग्रेजी, तेलुगु के साथ-साथ तमिल और फ्रेंच भाषाओं की जानकारी है।

यह भी पढ़ें- बिहारः मंत्री बनने के लिए पटना से दिल्ली तक लॉबिंग तेज, ये हैं संभावित मंत्रियों के नाम

पुरंदेश्वरी ने विशाखापट्टनम से जीत हासिल कर 15वीं लोकसभा में चुनकर आई थीं। इससे पहले उन्होंने चौदहवीं लोकसभा में बापट्ला सीट से चुनाव जीता था। बीजेपी से पहले डी पुरंदेश्वरी कांग्रेस पार्टी की सरकार में एचआरडी मंत्री रह चुकी हैं। 2014 के लोकसभा चुनाव में वह बीजेपी में शामिल हो गई थीं। आपको बता दें कि डी. पुरंदेश्वरी एनटी रामाराव के 8बेटे और 4 बेटियों में से एक हैं।
इसके साथ ही पार्टी महासचिव भूपेंद्र यादव अब बिहार के साथ-साथ गुजरात के प्रभारी के रूप में भी नई भूमिका निभाएंगे। केंद्रीय मंत्री वी मुरलीधरन को आंध्र प्रदेश की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पूर्व महासचिव वी मुरलीधर राव को जहां विनय सहस्रबुद्धे की जगह मध्य प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है। वहीं महासचिव सीटी रवि को महाराष्ट्र का जिम्मा सौंपा गया है। पार्टी महासचिव दुष्यंत गौतम को पंजाब के साथ-साथ उत्तराखंड का प्रभारी बनाया गया है। राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह कर्नाटक के साथ राजस्थान के भी प्रभारी होंगे। वह अब तक ओडिशा के प्रभारी थे।बिहार विधानसभा चुनाव में जीत के बाद पार्टी ने पश्चिम बंगाल पर अपना पूरा ध्यान केंद्रित कर दिया है। पार्टी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय पर भरोसा कायम रखते हुए उन्हें पश्चिम बंगाल का प्रभारी बनाए रखा गया है। अरविंद मेनन पूर्व की तरह सह प्रभारी की भूमिका में बने रहेंगे। पार्टी ने अपने सोशल मीडिया विभाग के प्रभारी अमित मालवीय को भी मेनन के साथ पश्चिम बंगाल के सह प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी है।
दूसरी ओर राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा को पार्टी ने मणिपुर की जिम्मेदारी देते राज्य का प्रभारी पद सौंपा है। साथ ही नलिन कोहली को नागालैंड की जिम्मेदारी दी गई है। महाराष्ट्र के बीजेपी नेता विनोद तावड़े को हरियाणा और असम से बीजेपी नेता दिलीप सैकिया को अरुणाचल प्रदेश और झारखंड का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
मार्च 2019 में बीजेपी में आए हैं बीजेडी से सस्पेंड बैजयंत पांडा
दिल्ली बीजेपी के प्रभारी बनाए गए बैजयंत पांडा ने 4 मार्च 2019 को भारतीय जनता पार्टी ज्वॉइन की थी। इससे पहले बीजू जनता दल ने 24 जनवरी 2018 को उन्हें पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते सस्पेंड कर दिया गया था। इसके बाद पांडा ने 28 मई 2018 को बीजू जनता दल से इस्तीफा दे दिया था। खास बात है कि 4 मार्च को बीजेपी ज्वॉइन करने के बाद बीजेपी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने 8 मार्च 2018 को उन्हें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बना दिया था।
बैजयंत पांडा बीजू जनता दल में रहते हुए साल 2000 से 2009 तक राज्यसभा सांसद रह चुके हैं। इसके साथ ही पांडा 15वी और 16वीं लोकसभा के लिए उड़ीसा की केंद्रपाड़ा सीट से लोकसभा सांसद चुनकर आ चुके हैं। फिलहाल वह संसद के किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं। बताया जा रहा है कि दक्षिण भारत में पार्टी के विस्तार के नाम पर उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का इनाम दिया जा रहा है।