SDMC: 2009 तक के सभी कच्चे कर्मचारियों को मिलेगी पक्की नौकरी… डीबीसी कर्मियों की हड़ताल जारी

-निगम मुख्यालय ने इंजीनियरिंग विभाग से मांगी दैनिक व कांट्रैक्ट कर्मचारियों की सूची

शक्ति सिंह/ नई दिल्ली. 24 फरवरी, 2022
दक्षिणी दिल्ली नगर निगम में काम करने वाले दैनिक वेतनभोगी और कांट्रैक्ट कर्मचारियों के लिए खुशखबरी है। उन्हें अब पक्की नौकरी मिलने जा रही है। भले ही नगर निगम में सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी पर अपनी साख बचाये रखने का दबाव हो, लेकिन अब 2009 तक नगर निगम में लगे कच्चे कर्मचारियों को भी पक्की नौकरी के नियुक्ति पत्र दिये जाने वाले हैं।

यह भी पढ़ेंः बीजेपी का एक और ‘जुमला’!… बिना ‘पोस्ट क्रियेशन’ के पक्के नहीं हो सकते 16 हजार से ज्यादा कर्मचारी… डीबीसी की हड़ताल जारी

बता दें कि दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के इंजीनियरिंग विभाग के मुख्यालय की ओर से सभी जोन के सिविल एवं इलेक्ट्रिकल विभागों के एग्जीक्यूटिव इंजीनियरों से उनके यहां कार्यरत दैनिक एवं कांटै्रक्ट पर कार्यरत कच्चे कर्मचारियों की सूची मांगी गई है। इस संबंध में 23 फरवरी 2022 को एक सर्कुलर जारी किया गया था और गुरूवार 24 फरवरी को दोपहर 12 बजे तक यह सूची जमा कराने का आदेश जारी किया गया है।

यह भी पढ़ेंः अप्रैल में ही होंगे निगम चुनाव… निर्वाचन अयोग ने शुरू की तैयारी

इस आशय का एक प्रस्ताव गुरूवार की सदन की बैठक में भी लाया जा रहा है, ताकि इन कच्चे कर्मचारियों को पक्की नौकरी दी जा सके। बताया जा रहा है कि नगर निगम चुनाव के मद्देनजर सत्ताधारी बीजेपी इन कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र जारी करने के लिए तालकटोरा स्टेडियम या फिर किसी ऐसे ही स्थान पर एक बड़ा आयोजन करने की तैयारी में है।
डीबीसी कर्मियों की हड़ताल जारी
अपनी नौकरी को पक्का करने की मांग को लेकर डोमेस्टिक ब्रीडिंग चेकर्स (डीबीसी) कर्मचारियों की हड़ताल गुरूवार को चौथे दिन भी जारी है। बता दें कि बीते सोमवार से उत्तरी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली और पूर्वी दिल्ली नगर निगमों के डीबीसी कर्मचारी हड़ताल पर हैं। यह कर्मचारी सिविक सेंटर के सामने धरना दे रहे हैं। एंटी मलेरिया एकता कर्मचारी यूनियन के उपाध्यक्ष इंदराज कौशिक ने कहा कि जब तक हमारी मांगे नहीं मानी जातीं तब तक डीबीसी कर्मचारियों की हड़ताल जारी रहेगी। गौरतलब है कि तीनों नगर निगमों में से किसी ने भी डीबीसी कर्मचारियों को अभी तक पक्का करने की बात नहीं कही है।