रोटेशन ने खोला BJP के कई पूर्व पार्षदों का रास्ता… वर्तमान पार्षदों में मायूसी

-अपने लिये आस-पड़ोस के वार्डों पर नजर गढ़ा रहे निगम के नेता

हीरेन्द्र सिंह राठौड़/ नई दिल्ली
राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी वार्डों के रोटेशन की लिस्ट ने भारतीय जनता पार्टी के कई पूर्व पार्षदों के चेहरे की रौनक बढ़ा दी है। दूसरी ओर पार्टी के ज्यादातर वर्तमान निगम पार्षदों में मायूसी छा गई है। कारण है कि उनकी सीट महिला से सामान्य और सामान्य से महिला हो जाने की वजह से लगभग सभी पार्षदों का पत्ता साफ होता नजर आ रहा है। वहीं, रोटेशन की वजह से करीब तीन दर्जन पूर्व पार्षदों का चुनाव लड़ने का रास्ता साफ हो गया है।
यह भी पढ़ेंः निर्वाचन आयोग ने दिया BJP को गच्चा… कोर्ट जा सकता है रोटेशन का मामला!

बता दें कि रोटेशन की लिस्ट में महिलाओं के लिए पहले से आरक्षित वार्ड सामान्य हो गये हैं, जबकि सामान्य वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित कर दिये गये हैं। हालांकि पूर्व महापौर प्रीति अग्रवाल और अपर्णा गोयल ऐसी नेता हैं जो 2017 का चुनाव सामान्य सीट पर लड़ी थीं, लेकिन अब उनकी सीट महिलाओं के लिए आरक्षित हो गई हैं। इनके अलावा पार्टी के कई ऐसे वरिष्ठ नेता हैं, जिनका तुक्का इस बार फिर से लग सकता है। हालांकि इनमें से कई लोगों को अपना वार्ड जंप करना पड़ेगा।
यह भी पढ़ेंः जानें, जनवरी के आखिरी सप्ताह में क्या कहते हैं आपके सितारे?

सूत्रों के मुताबिक पूर्वी दिल्ली नगर निगम में मनोज त्यागी, बीबी त्यागी, संजय सुरजन, महेंद्र आहूजा, जितेंद्र जीतू, हर्ष मलहोत्रा, महक सिंह और लता गुप्ता के नाम प्रमुखता से लिये जा रहे हैं। दूसरी ओर उत्तरी दिल्ली में प्रवेश वाही, महेंद्र नागपाल, योगेंद्र चंदोलिया, रविंद्र गुप्ता, विरेंद्र बब्बर, राजेश भाटिया, प्रवीण जैन, मोहन भारद्वाज, रजनी अब्बी, विजय प्रकाश पांडे, रेखा गुप्ता, शोभा विजेंद्र, देवेंद्र सोलंकी, गुलाब सिंह और ममता नागपाल के नाम प्रमुखता से लिये जा रहे हैं। वहीं, दक्षिणी दिल्ली में आशीष सूद, राजेश गहलोट, शैलेंद्र सिंह, अनिल शर्मा और सतेंद्र प्रकाश चौधरी के नाम लिये जा रहे हैं।
यह भी पढ़ेंः ब्रेकिंगः वार्डों के रोटेशन की लिस्ट जारी… सांसें थाम कर इंतजार कर रहे लोगों को इंतजार खत्म, देखें अपना वार्ड