नॉर्थ निगमः कौन बनेगा कांग्रेस दल का नेता?…कई हैं दावेदार!

-चर्चा में प्रेरणा सिंह, नीशा यादव, सीमा ताहिरा के नाम

हीरेन्द्र सिंह राठौड़/ नई दिल्ली
उत्तरी दिल्ली नगर निगम में कांग्रेस दल के नेता मुकेश गोयल के पार्टी छोड़कर आम आदमी पार्टी में जाने के बाद से पार्टी में कांग्रेस दल के नेता की तलाश जोरों पर हैं। उत्तरी दिल्ली नगर निगम में करीब 10 पार्षदों वाली कांग्रेस के आधे पार्षद अपने दल का नेता बनने की दौड़ में शामिल बताये जा रहे हैं। इनमें से तीन पार्षदों के नाम ज्यादा चर्चा में हैं। बताया जा रहा है कि एक-दो दिन में ही कांग्रेस दल के नेता के नाम का ऐलान किया जा सकता है।

यह भी पढ़ेंः EDMC: बीजेपी नेतृत्व पर भारी पड़े निगम आयुक्त

पहला नाम प्रेरणा सिंह का है, प्रेरणा सिंह के पति तरूण कुमार भी निगम पार्षद रह चुके हैं और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ उनके अच्छे संबंध है। सूत्रों का कहना है कि तरूण कुमार ने प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौधरी को कुछ वरिष्ठ नेताओं के द्वारा फोन भी करवाया है। बता दें कि कांग्रेस पार्टी में प्रेरणा सिंह अच्छी पढ़ी-लिखी और सुलझी हुई नेताओं में गिनी जाती हैं।

यह भी पढ़ेंः BJP: जहां था समापन समारोह… वहीं के नेता को मंच पर नहीं मिली जगह!

कांग्रेस दल के नेता के दावेदारों में दूसरा नाम सीमा ताहिर का बताया जा रहा है। उनके लिए पूर्व निगम पार्षद महमूद जिया ने फील्डिंग सजा रखी है। बताया जा रहा है कि महमूद जिया ने प्रदेश के नेताओं से कहा है कि अब तक पार्टी ने किसी मुस्लिम को कांग्रेस दल के नेता का पद नहीं दिया है। इसलिए सीमा ताहिरा को ही कांग्रेस दल के नेता का पद दिया जाना चाहिए।

यह भी पढ़ेंः नॉर्थ निगम का कारनामाः बेदखल होने वाले क्लबों में से ‘नेशनल क्लब’ का नाम हटाया… करोड़ों का मामला

उत्तरी दिल्ली नगर निगम में कांग्रेस दल के नेता के पद के दावेदारों में एक नाम नीशा यादव का भी बताया जा रहा है। नीशा भी पढ़ी-लिखी निगम पार्षद हैं और निगम की बैठकों में अच्छे मुद्दे उठाती रही हैं। पार्टी में उनके नाम पर भी विचार किया जा रहा है, हालांकि वह कांग्रेस के टिकट पर पहली बार चुनकर आई हैं।

यह भी पढ़ेंः पिटते-पिटते बचे बीजेपी नेता… झुग्गी सम्मान यात्रा के साइड इफेक्ट्स!

सूत्रों का कहना है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अनिल कुमार ने गुरूवार को इस मामले में पार्टी के कई लोगों से बात की है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष इस बात पर भी गहन विचार कर रहे हैं कि कहीं ऐसे व्यक्ति को कांग्रेस दल का नेता न बना दिया जाये, जो पद संभालने के बाद कांग्रेस छोड़कर चला जाये। बताया जा रहा है कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम में अब भी कांग्रेस के तीन निगम पार्षद आम आदमी पार्टी के नेताओं के संपर्क में हैं।