NORTH DMC: पक्के होंगे सफाई कर्मचारी… 500 की सूची तैयार… पहले चरण में 200 कर्मियों को मिलेंगे नियुक्ति पत्र

-1998 से 2003 तक के सफाई कर्मचारियों की फाइलें तैयार करने पर तेजी से हो रहा काम
-दीपावली से पूर्व मिल सकता है सफाई कर्मचारियों को पक्का करने का तोहफा

हीरेन्द्र सिंह राठौड़/ नई दिल्ली
उत्तरी दिल्ली नगर निगम के तहत काम कर रहे कच्चे सफाई कर्मचारियों की नौकरी पक्की होने वाली है। इस दीवाली से पहले सफाई कर्मचारियों को यह तोहफा मिल सकता है। उत्तरी दिल्ली नगर निगम के 6 जोन के अधिकारियों ने इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। बता दें कि लंबे समय से सफाई कर्मचारियों की मांग चली आ रही है कि कच्चे कर्मचारियों को तुरंत पक्का किया जाये। उत्तरी दिल्ली नगर निगम में ही करीब आठ हजार से ज्यादा ऐसे सफाई कर्मचारी हैं, जो फिलहाल कच्चे कर्मचारी के तौर पर काम कर रहे हैं। इससे पूर्व पिछले वर्ष तत्कालीन मेयर जय प्रकाश के कार्यकाल में भी करीब 200 सफाई कर्मचारियों को पक्का करने के नियुक्ति पत्र दिये गये थे।

यह भी पढ़ेंः पूर्व मेयर पर हमला मामलाः आरोपी बिल्डर माफिया की अग्रिम जमानत याचिका खारिज… 2017 में कार्रवाई पर अब भी चल रहा अवैध ‘ला-कासा’ शॉपिंग कॉम्पलेक्स!

उत्तरी दिल्ली के महापौर राजा इकबाल सिंह ने बताया कि निगम अधिकारी इन कर्मचारियों की फाइलें तैयार करने में जोर-शोर से जुटे हैं। करीब 500 ऐसे कर्मचारियों की फाइलें तैयार की जा चुकी हैं। अन्य कर्मचारियों की फाइलें भी अधिकारियों के द्वारा पक्का किये जाने का काम जारी है। सूत्रों का कहना है कि पहले चरण में 500 में से 200 कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र जारी किये जा सकते हैं। इन सफाई कर्मचारियों की फाइलों से संबंधित सभी औपचारिकताएं पूरी की जा चुकी हैं। जैसे-जैसे फाइलों में दस्तावेजों से संबंधित औपचारिकताएं पूरी होती जाएंगी, वैसे-वैसे उन्हें नियुक्ति पत्र जारी कर दिये जायेंगे।
योगेंद्र चंदोलिया के समय लिया गया था निर्णय
बता दें कि तीनों नगर निगमों में 1998 से 2003 तक लगे कच्चे सफाई कर्मचारियों को पक्का करने का निर्णय बीजेपी शासित नगर निगम में बहुत पहले ही ले लिया गया था। तत्कालीन मेयर योगेंद्र चंदोलिया के कार्यकाल में नगर निगम के कच्चे सफाई कर्मियों को पक्का करने के लिए ठोस निर्णय लिये गये थे। उसी कड़ी में इन सफाई कर्मचारियों को पक्का करने की प्रक्रिया जारी है।
यूनियनों ने दिया 18 अक्टूबर तक का समय
गौरतलब है कि सफाई कर्मचारियों की यूनियनों ने पिछले सप्ताह आंदोलन की चेतावनी दी थी। कर्मियों को पक्का करने सहित अपनी लंबित मांगों को लेकर यूनियनों ने सत्ताधारी बीजेपी के नेताओं से मांग की थी कि उनकी मांगों पर तुरंत विचार किया जाये। उत्तरी दिल्ली के महापौर राजा इकबाल सिंह, स्थायी समिति अध्यक्ष जोगीराम जैन और नेता सदन छैलबिहारी गोस्वामी के नेतृत्व में हुई इस बैठक में यूनियनों के पदाधिकारियों ने 18 अक्टूबर तक समय दिया है। हालांकि निगम नेतृत्व भी गंभीरता से सफाई कर्मचारियों की मांगों पर विचार कर रहा है।