नॉर्थ डीएमसी का हालः बिना रसीदों के ही शुरू कर दिये हाउस टैक्स कैंप

-पहले से नहीं की थी कोई तैयारी, कैंपों में एक-एक रसीद लेकर पहुंचे निगमकर्मी
-अटका हाउस टैक्स वसूली का काम, केशवपुरम जोन कार्यालय में भी खत्म हुई रसीदें

हीरेन्द्र सिंह राठौड़/ नई दिल्ली
उत्तरी दिल्ली नगर निगम के अधिकारियों की मनमानी और लापरवाहियां थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शनिवार को उत्तरी दिल्ली के कई वार्ड्स में लगाए गए संपत्ति कर के कैंपों में अधिकारियों की बड़ी लापरवाही सामने आई है। लाखों रूपये खर्च करके तैयार कराया गया निगम का प्रॉपर्टी टैक्स पोर्टल तो पहले ही बैठ चुका है। इसके बावजूद कर्मचारियों को संपत्ति कर इकट्ठा कराने के लिए कैंपों में तो भेज दिया गया, लेकिन उनके पास रसीदें ही नहीं थीं। जबकि रसीद के बिना कोई व्यक्ति आगे चलकर यह साबित ही नहीं कर सकता कि उसने अपना हाउस टैक्स जमा करा दिया है।

यह भी पढ़ेंः- कोर्ट का आदेशः जेल में ही रहेंगे मौत के सौदागर

सबसे ज्यादा शिकायतें उत्तरी दिल्ली नगर निगम के केशव पुरम जोन से आईं। यहां संपत्ति कर जमा कराने के लिए अलग अलग वार्ड्स में कई कैंप लगाए गए थे। लेकिन कैंपों में निगम कर्मचारी केवल एक-एक रसीद बुक लेकर ही पहुंचे। आश्चर्य की बात तो यह है कि केशवपुरम जोन कार्यालय में भी रसीद बुक नहीं थीं। इसके चलते बहुत से लोगों को बिना प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराए निराश होकर वापस लौटना पड़ा।

यह भी पढ़ेंः- NORTH DMC: नामांकन में नहीं पहुंची निदेशक

बता दें कि केशवपुरम जोन की उपायुक्त इरा सिंघल हैं। इरा सिंघल के पास इतने ज्यादा विभाग हैं कि वह किसी एक विभाग का काम भी सही ढंग से नहीं संभाल पा रही हैं। उनके पास आरपी सेल से लेकर पब्लिसिटी एंड इनफॉरमेशन और कई महत्वपूर्ण विभाग हैं। पब्लिसिटी एंड इनफॉरमेशन विभाग पहले ही अपने कामों में नाकाम साबित हो रहा है, अब अधिकारियों की लापरवाही की वजह से जोन से संपत्ति कर की उगाही में भी बड़ी कोताही सामने आई है।

यह भी पढ़ेंः-  लाखों रूपये स्वाहा… NORTH DMC का प्रॉपर्टी टैक्स पोर्टल नहीं चला… साउथ के खाते में जा रहा नॉर्थ दिल्ली का पैसा!

प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराने वालों को काटने पड़े चक्कर
केशव पुरम जोन की पूर्व चेयरमैन अंजू जैन ने बताया कि उनके वार्ड में पीतमपुरा में लगवाए गए कैंप में भी निगम कर्मचारी केवल एक रसीद लेकर पहुंचे थे। लेकिन वहां हाउस टैक्स जमा कराने के लिए करीब 300 लोग पहुंच गए थे। इस वार्ड में केवल 100 लोगों का हाउस टैक्स ही जमा हो पाया। बाकी लोगों को बिना अपना हाउस टैक्स जमा कराए वापस लौटना पड़ा। उन्होंने बताया कि जब जोन कार्यालय में पता कराया गया तो वहां एक भी रसीद बुक नहीं थी। इसकी वजह से लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी है।
30 जून तक आम माफी, 15 प्रतिशत छूट, ब्याज-जुर्माने से माफी
उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने लोगों को अपना हाउस टैक्स जमा कराने के लिए 30 जून तक की छूट दे रखी है। 30 जून तक कोई भी संपत्ति मालिक 15 फीसदी छूट के साथ अपना हाउस टैक्स जमा करवा सकता है। जिन लोगों ने अपना पुराना हाउस टैक्स जमा कराना है वह भी इस छूट का लाभ उठा सकता है। ऐसे लोगों को पुराने टैक्स पर ब्याज और जुर्माने से भी छूट मिल रही है। इसके बावजूद निगम अधिकारियों की लापरवाही की वजह से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
प्रॉपर्टी टैक्स पोर्टल पर लाखों खर्च, फिर भी नहीं कर रहा काम
अधिकारियों की लापरवाही की वजह से उत्तरी दिल्ली नगर निगम का प्रॉपर्टी टैक्स पोर्टल पहले ही काम नहीं कर रहा है। मामला संज्ञान में आने के बावजूद अधिकारियों ने इसे समय रहते ठीक नहीं कराया। इसके चलते लोग अपना हाउस टैक्स जमा नहीं करा पाए हैं। अब मैनुअल सिस्टम में भी निगम अधिकारियों की बड़ी लापरवाही सामने आ रही है।
आर्थिक परेशानी में निगम फिर भी नहीं अधिकारियों की दिलचस्पी
उत्तरी दिल्ली नगर निगम पहले ही आर्थिक परेशानी झेल रहा है। डॉक्टर्स को छोड़कर बाकी निगम कर्मियों को पिछले मार्च, अप्रैल, मई की सेलरी नहीं मिली है। जून महीने में भी 20 दिन जा चुके हैं। इसके बावजूद ट्रांसफर-पोस्टिंग और बड़े पदों को हथियाने में जुटे अधिकारियों की दिलचस्पी नगर निगम का राजस्व बढ़ाने में नहीं है।
अधिकारियों को दिये तुरंत रसीदें छपवाने के आदेश
उत्तरी दिल्ली नगर निगम में स्थायी समिति के अध्यक्ष और होने वाले महापौर जय प्रकाश ने कहा कि यह मामला आज ही संज्ञान में आया है। अधिकारियों को तुरंत रसीदें छपवाने के लिए कहा गया है। अब लोगों को अपना प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराने में कोई दिक्कत नहीं आएगी।