दिल्ली में होगी एक नगर निगम

22 मई से फिर से अस्तित्व में आयेगा ‘दिल्ली नगर निगम’… 21 मई तक हो जायेंगी सभी बड़ी नियुक्तियां

-भारत सरकार के केंद्रीय गृह मंत्रालय ने जारी किया आदेश
-21 मई तक होगी उप राज्यपाल, आयुक्त-स्पेशल ऑफिसर की नियुक्ति

हीरेन्द्र सिंह राठौड़/ नई दिल्ली
लंबी प्रतीक्षा के बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय ने दिल्ली नगर निगम के गठन की तारीख मुकर्रर कर दी है। 22 मई से दिल्ली नगर निगम एक बार फिर से अस्तित्व में आ जायेगा। बुधवार को गृह मंत्रालय की ओर से आदेश जारी होने के बाद 21 मई से दिल्ली के तीनों नगर निगम खत्म हो जायेंगे और एकीकृत नगर निगम फिर से अस्तित्व में आ जायेगा। इसके साथ ही केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से 21 मई तक नये उपराज्यपाल की नियुक्ति के साथ दिल्ली के नये निगम आयुक्त और स्पेशल ऑफिसर की नियुक्ति कर दी जायेगी।

यह भी पढ़ेंः दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल का इस्तीफा… एकीकृत निगम के साथ दिल्ली को मिलेंगे नये उपराज्यपाल

केंद्र सरकार की ओर से बुधवार को ही दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल से इस्तीफा मांग लिया था और उन्होंने बुधवार को ही अपना इस्तीफा राष्ट्रपति को सोंप दिया था। गृह मंत्रालय से जुड़े सूत्रों का कहना है कि नई व्यवस्था के मुताबिक अब 21 मई तक दिल्ली को नया उपराज्यपाल मिल जायेगा। इसके साथ ही दिल्ली के लिए नये निगम आयुक्त और स्पेशल ऑफिसर की नियुक्ति भी कर दी जायेगी।
दो अधिकारियों को मिलेगी बड़ी जिम्मेदारी?
सूत्रों के मुताबिक उपराज्यपाल पद के लिए गुजरात कैडर के एक वरिष्ठ रिटायर्ड ऑफिसर का नाम चर्चा में है। इसके साथ ही निगम आयुक्त पद के लिए दक्षिणी दिल्ली के निगम आयुक्त ज्ञानेश भारती के साथ एक और वरिष्ठ आईएएस अधिकारी का नाम चर्चा में है। दूसरे अधिकारी को केंद्र सरकार ने दूसरे केंद्र शासित प्रदेश से तो बुला लिया है लेकिन उन्हें अभी तक कोई जिम्मेदारी नहीं दी है। बताया यह भी जा रहा है कि उत्तरी दिल्ली के निगम आयुक्त संजय गोयल को भी कोई बड़ी जिम्मेदारी दी जानी है। कारण है कि एक ओर जहां ज्ञानेश भारती को तीनों नगर निगमों को चलाने का अनुभव प्राप्त है। वहीं संजय गोयल को भी उत्तरी और पूर्वी दिल्ली नगर निगम को चलाने के अनुभव के साथ ही पहले से नगर निगम का कार्यभार संभालने का अनुभव प्राप्त है।