नगर निगम ने काटा पुलिस थाने का चालान!

-दक्षिणी दिल्ली नगर निगम ने पुलिस थानों को जारी किये 58 नोटिस
-जांच के दौरान 62 पुलिस थानों में पाया गया मच्छरों का पजनन
-दक्षिणी निगम ने किया 118 पुलिस थानों की जांच किये जाने का दावा

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली
आम लोगों का चालान काटने वाली दिल्ली पुलिस का चालान दक्षिणी दिल्ली नगर निगम ने काट दिया है। मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए चलाये गये अभियान में विभिन्न पुलिस थानों में मच्छरों का लार्वा पाया गया। इसके चलते नगर निगम ने दिल्ली पुलिस के खिलाफ यह कार्रवाई की है। दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा पुलिस थानों में मच्छरों के प्रजनन का पता लगाने और उसके नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाया गया।

यह भी पढ़ेंः- इस सप्ताह सिंह राशि में बुध और कन्या में शुक्र का गोचर… जानें अपना राशिफल

इस अभियान के तहत दक्षिणी दिल्ली निगम के कार्यक्षेत्र में 118 पुलिस थानों का निरीक्षण किया गया जिनमें 62 में मच्छरों का प्रजनन पाया गया। विभाग ने इन थानों को 58 नोटिस व 1 चालान जारी किया है। सभी नोटिस और चालान दिल्ली नगर निगम, मलेरिया और अन्य मच्छरजनित बीमारी, उपनियम 1975 के प्रावधानों के अंतर्गत जारी किये गए। पुलिस थानों और उनके मालखानों में मच्छरों का प्रजनन काफ़ी अधिक पाया गया। पुलिस विभाग द्वारा ज़ब्त किए गए वाहनों, कूलर, कार्यालय के फर्नीचर, फूलदान आदि में मच्छरों का लार्वा सबसे अधिक पाया गया।

यह भी पढ़ेंः- ‘15 साल से ज्यादा की उम्र की पत्नी के साथ सैक्स करना रेप नहीं’

दक्षिणी दिल्ली नगर निगम की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा थानों में मच्छरों के प्रजनन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया और पुलिस कर्मियों को मच्छरजनित बीमारियों के बारे में जागरूक किया गया है। साथ ही यह सलाह दी गई है कि थानों में मच्छरों का प्रजनन रोकने के लिए सभी आवश्यक उपाय करें। विभाग द्वारा सभी थानों को पत्र लिखकर, मच्छर रोधी उपाय करने के लिए कहा जा रहा है। सेक्टर-12 आरके पुरम, महरौली, फतेहपुर/जोनापुर, घिटोरनी, अंबेडकर नगर, जामिया नगर, सेक्टर-9 द्वारका, सेक्टर-23 द्वारका और रघुबीर नगर पुलिस थानों में मच्छरों का प्रजनन पाया गया।