महापौर चुनावः बदलाव पर अड़ा प्रदेश नेतृत्व… नये लोगों को मौका देने की तैयारी!

-पार्टी नेतृत्व को नहीं भा रही उत्तरी दिल्ली के महापौर जय प्रकाश की लोकप्रियता
-दक्षिणी दिल्ली को नया चेहरा देने की तैयारी में प्रदेश भारतीय जनता पार्टी

हीरेन्द्र सिंह राठौड़/ नई दिल्ली
महापौर के चुनाव को लेकर दिल्ली बीजेपी में तनाव चरम पर है। माना जा रहा है कि उत्तरी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली और पूर्वी दिल्ली को महापौर के रूप में नये चेहरे मिल सकते हैं। तीनों नगर निगमों में महापौर, उप महापौर, स्थायी समिति के सदस्य एवं अन्य पदों के लिए मंगलवार 8 जून को नामांकन की अंतिम तारीख है। बताया जा रहा है कि प्रदेश नेतृत्व के नेता तीनों नगर निगमों में महापौर के चेहरे बदलने के लिए अड़ गये हैं। कारण है कि उत्तरी दिल्ली के महापौर जय प्रकाश की लोकप्रियता दिल्ली बीजेपी के कुछ नेताओं को हजम नहीं हो रही है। बताया जा रहा है कि तीनों नगर निगमों के लिए महापौर, उप महापौर, स्थायी समिति अध्यक्ष और नेता सदन के नामों की घोषणा सोमवार को की जा सकती है।

यह भी पढ़ेंः- Delhi Unlock: व्यापारियों को नहीं भाया ऑड-ईवन का फार्मूला… दिल्ली सरकार से पुनर्विचार की मांग

दिल्ली बीजेपी से जुड़े सूत्रों का कहना है कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम के लिए पार्टी का एक धड़ा जय प्रकाश को दोबारा महापौर की जिम्मेदारी देना चाहता है। कारण है कि उन्होंने जिस तरह से पिछले समय में नगर निगम की छवि को संभालने और व्यवस्थाओ ंको बनाये रखने की कोशिश की है, उससे पार्टी की छवि कुछ हद तक दागदार होने से बची है। जबकि स्वयं प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता अपने एक चहेते नेता को महापौर के पद पर बैठा देखना चाहते हैं। फिलहाल उत्तरी दिल्ली नगर निगम में महापौर जय प्रकाश के अतिरिक्त स्थायी समिति अध्यक्ष छैल बिहारी और नेता सदन योगेश वर्मा के नाम महापौर पद के लिए चलाये जा रहे हैं। लेकिन प्रदेश के दो धड़ों की लड़ाई में कोई तीसरा लाभ उठा ले जाये तो इसमें कोई आश्चर्य नहीं होगा।

यह भी पढ़ेंः- ’घर-घर राशन’ योजना पर बवाल… केजरीवाल ने राशन वालों को बताया माफिया… मोदी सरकार भी उठाये सवाल

दक्षिणी दिल्ली के महापौर को बदला जाना तय माना जा रहा है। अनामिका मिथलेश उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई हैं। पार्टी के सामने सबसे बड़ी मुश्किल चुनावी वर्ष में किसी तेजतर्रार व्यक्ति को कमान सोंपने की है। क्योंकि पिछले दो वर्षों से दक्षिणी दिल्ली नगर निगम की छवि में लगातार गिरावट आई है। फिलहाल दक्षिणी दिल्ली के महापौर पद के दावेदारों में नया नाम कृष्ण गहलौत के रूप में सामने आ रहा है। हालांकि यहां से कमलजीत सहरावत और नरेंद्र चावला भी जोड़तोड में लगे हुए हैं। यहां महापौर और स्थायी समिति अध्यक्ष के दावेदारों में तुलसी जोशी, नंदिनी शर्मा, शिखा राय जैसी महिला नेताओं के साथ पूर्व स्थायी समिति अध्यक्ष भूपेंद्र गुप्ता और शिक्षा समिति के अध्यक्ष मुकेश सूर्यान जैसे लोगों की लंबी फेहरिश्त भी है। अब देखना यह है कि नामांकन से पहले किसकी किस्मत का पिटारा खुलता है।

यह भी पढ़ेंः- अलीगढ़ जहरीली शराब कांडः 108 की मौत का जिम्मेदार… बीजेपी नेता गिरफ्तार

पूर्वी दिल्ली के महापौर और स्थायी समिति अध्यक्षों को बदला जाना तय हो गया है। महापौर रहते हुए निर्मल जैन और स्थायी समिति अध्यक्ष पद पर रहते हुए मास्टर सत्यपाल की परफॉरमेंस ज्यादा अच्छी नहीं बताई जा रही है। पार्टी से जुड़े सूत्र बताते हैं कि पूर्वी दिल्ली में महापौर का पद इस बार धन-बल के आधार पर तय किया जायेगा। पुनीत शर्मा और मास्टर सत्यपाल महापौर पद के लिए जोड़-तोड़ में जोर शोर से जुटे हैं। पुनीत शर्मा के ऊपर स्थानीय सांसद मनोज तिवारी का हाथ बताया जा रहा है, वहीं मास्टर सत्यपाल एक केंद्रीय नेता के दम पर खम ठोंक रहे हैं। सूत्रों का यह भी कहना है कि दोनों निगम पार्षदों ने पार्टी नेतृत्व को खुलकर पैसे की ऑफर कर दी है। अब देखना यह है कि पूर्वी दिल्ली में शीर्ष पदों पर पार्टी किसको आगे बढ़ाती है?