पड़ोसी देशों के सामने भारत शर्मशार… भारत में नेपाल से भी ज्यादा महंगाई की मार

-नेपाल, श्रीलंका, बांगलादेश और पाकिस्तान में बिक रहा भारत से सस्ता पेट्रोल-डीजल
-नेपाल से पेट्रोल खरीदकर ला रहे बिहार-उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती लोग

हीरेन्द्र सिंह राठौड़/नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति को लेकर भले ही भारत का परचम दुनिया में लहरा रहा हो, लेकिन केंद्र की मोदी सरकार के कुछ फैसलों की वजह से भारतीयों को शर्मिंदा भी होना पड़ रहा है। देश में पेट्रोल-डीजल ओर रसोई गैस के लगातार बढ़ते दामों की वजह से भारत अपने पड़ोसी देशों से भी पीछे की कतार में खड़ा नजर आ रहा है। नेपाल, श्रीलंका, बांगलादेश, भूटान और पाकिस्तान जैसे छोटे देशों में पेट्रोल और डीजल के दाम बेहद कम हैं। इसके साथ ही अमेरिका, चीन और रूस जैसे बड़े और शक्तिशाली देशों में भी पेट्रोल और डीजल के दाम भारत के मुकाबले बहुत ज्यादा कम हैं। ऐसे में अब केंद्र की मोदी सरकार की नीतियों पर गंभीर सवाल उठने शुरू हो गए हैं।

यह भी पढ़ें- जानें किन 6 राशि वालों के लिए फायदेमंद साबित होगा शुक्र का गोचर?

भारत में बुधवार को पेट्रोल की कीमत 100 रुपए प्रति लीटर का आंकड़ा पार कर गई। राजस्थान के श्रीगंगानगर में पेट्रोल 100.07 रुपए प्रति लीटर बिका। वहीं ग्लोबलपेट्रोलप्राइसडॉटकॉम के मुताबिक विश्व में सबसे ज्यादा आर्थिक बदहाली झेल रहे पाकिस्तान में पेट्रोल इससे आधी कीमत यानी 51.14 रुपए प्रति लीटर पर बिक रहा है। दूसरी ओर चीन में यह भारत से सस्ता यानी 74.74 रुपए प्रति लीटर है।

यह भी पढ़ें- दक्षिणी निगमः बीजेपी में बढ़ रही खींचतान… अलग अलग रास्तों पर चल रहे नेता

यदि विश्वभर के देशों की तुलना की जाए तब भी भारतीय रुपए के हिसाब से दुनिया में पेट्रोल की प्रति लीटर औसत कीमत 78.65 रुपए है। जबकि भारत में सबसे सस्ता पेट्रोल 83.19 रुपए लीटर अरुणाचल प्रदेश की राजधानी ईटानगर में बिक रहा है। दिल्ली में इसकी कीमत 89.54 रुपए लीटर है, यानी भारत में दुनिया के औसत भाव से भी पेट्रोल महंगा बिक रहा है। यहां यह जान लेना भी जरूरी है कि खाड़ी के देशों में तो पेट्रोल भारत में बिकने वाले पानी से भी सस्ता बिक रहा है। वेनेजुएला में पेट्रोल के दाम 1.45 रूपये, ईरान में 4.50 रूपये, अंगोला में 17.82 रूपये, अल्जीरिया में 25.15 रूपये और कुवैत में 25.26 रूपये प्रति लीटर चल रहे हैं।

यह भी पढ़ें- 1 मार्च तक बढ़ी दिल्ली के दंगाईयों की हिरासत… राहत देने के मूड में नहीं कोर्ट

पड़ोसी देश नेपाल में पेट्रोल के दाम भारत के मुकाबले करीब 22 रूपये प्रति लीटर कम हैं। जबकि नेपाल में बिक रहा सस्ता तेल भारत से ही जाता है। एक पुराने समझौते के तहत इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन ही नेपाल के लिए खाड़ी देशों से ईंधन मंगाता है। आईओसी नेपाल को ईंधन सप्लाई खरीद मूल्य पर ही करता है। हालांकि नेपाल के द्वारा भारतीय कंपनी को रिफाइनरी शुल्क का भुगतान किया जाता है, इसके बावजूद वही पेट्रोल नेपाल में सस्ता और भारत में महंगा है।
विभिन्न देशों में पेट्रोल के दाम प्रति लीटर
देश                       दाम (भारतीय रूपये में)
भारत                    90 से 100 रूपये
अमेरिका                54.65 रूपये
चीन                      74.74 रूपये
रूस                       47.40 रूपये
भूटान                    49.56 रूपये
पाकिस्तान             51.14 रूपये
श्रीलंका                  60.26 रूपये
नेपाल                   68.98 रूपये
बांगलादेश             76.41 रूपये
नेपाल से सस्ता पेट्रोल ला रहे यूपी-बिहार के सीमावर्ती लोग
भारत के मुकाबले करीब 22 रुपये तक सस्ता होने की वजह से बिहार और यूपी के सीमावर्ती इलाकों के लोग नेपाल से पेट्रोल खरीदकर लाने के लिए मजबूर हैं। हालात यह हैं कि बिहार के अररिया और किशनगंज जिलों से लगती सीमा पर पगडंडियों से पेट्रोल की तस्करी करते कुछ लोग पकड़े जा चुके हैं। एसएसबी के डीआईजी एस.के.सारंगी ने बताया कि डीजल-पेट्रोल की तस्करी की सूचना मिलने के बाद सीमावर्ती इलाकों में सतर्कता के निर्देश दिए गए हैं। किशनगंज के एसपी कुमार आशीष ने कहा है कि एसएसबी से समन्वय स्थापित कर चौकसी बढ़ाने का निर्देश थानाध्यक्षों को दिया गया है।
बता दें कि भारत-नेपाल का जोगबनी (बिहार) सीमा पर खुले सीमा क्षेत्र में 30 से ज्यादा ऐसी जगहें हैं, जहां पगडंडियों के सहारे खुलेआम नेपाल आ-जा सकते हैं। बताया जा रहा है कि अररिया, फारबिसगंज, नरपतगंज फोरलेन पर जितने भी पेट्रोल पंप हैं, उनकी बिक्री पर असर पड़ रहा है। बड़े पैमाने पर तेल लाकर भारतीय क्षेत्र में छोटे दुकानदारों को कम कीमत पर आपूर्ति की जा रही है।
वाहनों की टंकी में भरकर यूपी आ रहा तेल
यूपी के गोरखपुर, लखीमपुर खीरी और पीलीभीत इलाकों से मिल रही जानकारी के मुताबिक भारत से नेपाल जाने वाले वाहन चालक वहां से टैंक भरवाकर लौटते हैं। कुछ लोग डीजल, पेट्रोल को कनस्तर में भरकर लाकर स्थानीय बाजारों में बेच रहे हैं। स्थानीय लोग छोटी गाड़ियों व बाइक से नेपाल की सीमा में प्रवेश कर वाहनों की टंकी भराकर वापस लौट आते हैं।
बिहार के अररिया में पेट्रोल के दाम 93.50 रूपये प्रति लीटर हैं, जबकि नेपाल में बिहार से सटी सीमा के पास पेट्रोल 70.62 रूपये प्रति लीटर बिक रहा है। उत्तर प्रदेश से सटे नेपाल की धनगढ़ी में पेट्रोल 69 रूपये व डीजल 57.71 रूपये प्रति लीटर है। वहीं यूपी के सोनौली में पेट्रोल के दाम 88.63 रूपये व डीजल के दाम 80.96 रूपये प्रति लीटर हैं। उत्तराखंड के चंपावत में पेट्रोल 89.24 रूपये और डीजल 81.29 रूपये प्रति लीटर है। बनबसा सीमा के पास नेपाल के कंचनपुर में पेट्रोल 71.25 रूपये और डीजल 60.62 रूपये प्रति लीटर बिक रहा है।