केजरीवाल सरकार को एक्सपोज करना और सबको साथ लेकर चलना है प्राथमिकताः आदेश गुप्ता

भारतीय जनता पार्टी ने मनोज तिवारी को हटाकर अब पूर्व महापौर आदेश गुप्ता को दिल्ली बीजेपी का अध्यक्ष बनाया है। करीब दो साल के अंदर दिल्ली नगर निगम चुनाव होने हैं। इस लिहाज से इस नियुक्ति को बहुत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती है कि किस तरह दिल्ली में बिखर चुके पार्टी के संगठन को दोबारा से खड़ा किया जाए? बड़ी चुनौती यह भी है कि तीनों नगर निगमों में भ्रष्टाचार चरम पर है और बाहर से आने वाले अधिकारी नेताओं को ज्यादा तवज्जो नहीं देते। ऐसे में उनकी क्या प्राथमिकताएं रहेंगी? इन्हीं सब मुद्दों पर एटूजैड न्यूज के मेट्रो एडिटर हीरन्द्र राठौड़ ने दिल्ली बीजेपी के नवनिर्वाचित अध्यक्ष आदेश गुप्ता के साथ बात की। पेश हैं, इस बातचीत के प्रमुख अंशः-

सवालः आदेश जी आपको प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष के रूप में नई जिम्मेदारी मिली है। कौनसे ऐसे काम हैं जिन्हें आप चुनौती मानते हैं?
आदेश गुप्ताः इस समय सबसे बड़ी चुनौती कोरोना वैश्विक महामारी है, इससे निपटना सबसे बड़ी चुनौती है। दिल्ली सरकार की नाकामियों से दिल्ली की जनता परेशान है, उसे इलाज नहीं मिल रहा है। राशन वितरण में भी धांधली हो रही है। इस काम में दिल्ली सरकार पूरी तरह से फेल रही है। इससे दिल्ली का आम गरीब आदमी बहुत परेशान है। एसको लेकर दिल्ली सरकार को एक्सपोज करना हमारी प्राथमिकता है। दिल्ली सरकार को इस व्यवस्था को सही करने के लिए हम मजबूर करेंगे।

यह भी पढ़ेंः- आखिर ‘आप’ ही निकले मौत के सौदागर!

सवालः तीनों नगर निगमों में बीजेपी है, निगमों में भ्रष्टाचार के मुद्दे हमेशा उठते रहते हैं, उनसे कैसे जूझेंगे?
आदेश गुप्ताः पिछले लंबे समय से दिल्ली सरकार का रवैया रहा है कि निगमों को फंड नहीं दिया जाता। इस बात को हम दिल्ली सरकार तक जोर-शोर से पहुंचाएंगे और दिल्ली की जनता के बीच भी जाएंगे। निगमों को दबाने का दिल्ली सरकार का रवैया ठीक नहीं है। दिल्ली की जनता को इससे बहुत नुकसान होता है।

यह भी पढ़ेंः- दिल्ली बीजेपी में कॉरपोरेट कल्चर खत्म… आदेश गुप्ता बने प्रदेश अध्यक्ष

सवालः नगर निगमों की सत्ता में बीजेपी है और निगमों में अफसरों की मनमानी जोरों पर है, आप भी उसका सामना कर चुके हैं। उत्तरी दिल्ली नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग और दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के पार्किंग घोटाले जैसे मुद्दों पर कैसे अंकुश लगाएंगे?
आदेश गुप्ताः इस तरह के मामले पहले भी आए हैं, हमने ऐसे मुद्दों को सुलझाया था। यदि अब भी ऐसा कोई मुद्दा आता है तो हम उसे ठीक कराएंगे। यदि कोई अधिकारी मनकानी करता है तो उस पर भी हम लगाम लगाएंगे। यदि कोई अव्यवस्था नजर आएगी तो उसे भी ठीक किया जाएगा। हम सबका साथ- सबका विकास पर काम को आगे बढ़ाएंगे।

यह भी पढ़ेंः- NORTH DMC: अधिकारियों का ट्रांसफर-पोस्टिंग पर जोर… दागी के हाथों सोंपी कोरोना से निपटने की बागडोर

सवालः दिल्ली सरकार कोरोना से मौत के आंकड़े कम बताती है और निगम के नेता उन आंकड़ों को ज्यादा बताते हैं, आखिर यह फर्क कहां से आ रहा है?
आदेश गुप्ताः मुख्यमंत्री केजरीवाल आंकड़ों की बाजीगरी करते रहते हैं, अपनी कमियां छुपाने और भ्रम फैलाने के लिए वह हमेशा ऐसा करते रहते हैं। अभी दिल्ली सरकार ने नया एप लांच किया है। इसमें जानकारी दी गई है कि दिल्ली के सात अस्पतालों में बेड उपलब्ध हैं। लेकिन जब हमने जानकारी ली तो उसमें से चार अस्पतालों ने बेड होने से इनकार कर दिया है और तीन अस्पतालों ने मरीज ही लेने से मना कर दिया है। इस तरह दिल्ली सरकार ट्विटर पर बहुत से काम करती है, ऐसा लगता है कि वह ट्विटर पर ही सरकार चला रहे हैं। ग्राउंड रियलिटी न तो यह है कि जनता तक काम पहुंच ही नहीं रहा। वह जनता में केवल भ्रम फैलाते हैं, अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए।

यह भी पढ़ेंः- केजरीवाल के दरबार पहुंचा 6 पार्किंग टेंडर में घोटाले का मामला

सवालः दिल्ली प्रदेश बीजेपी पर अब तक कॉरपोरेट कल्चर में ढलने के आरोप लगते रहे हैं। कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से प्रदेश नेतृत्व की दूरी जगजाहिर रही। उस कमी के बीच आप कैसे तालमेल बैठाएंगे?
आदेश गुप्ताः भारती जनता पार्टी कैडर बेस्ड पार्टी है, हम लोकतंत्र में विश्वास रखते हैं। यहां कोई वन मैन शो नहीं है। मेरे जैसे छोटे कार्यकर्ता को यह जिम्मेदारी मिली है। हम बड़े नेताओं से सलाह-मशविरा करके और एक अच्छा संवाद कायम करेंगे। कार्यकर्ताओं के बीच संपर्क और संवाद के जरिए किसी भी समस्या का हल निकाला जा सकता है। पार्टी ने अच्छा काम किया है और आगे भी पाटी्र अच्छा काम करती रहेगी। हम लोगों की भावनाओं पर खरा उतरने की कोशिश करेंगे। पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ पूरा तालमेल बनाकर काम किया जाएगा।