सेलरी नहीं मिलने से परेशान डीबीसी कर्मी 25 को करेंगे ईडीएमसी का घेराव

-डीबीसी कर्मचारियों को तीन माह से नहीं मिली है सेलरी

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली
तीन महीने से वेतन नहीं मिलने की वजह से परेशान डोमेस्टिक ब्रीडिंग चेकर (डीबीसी) कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर बुधवार 25 अगस्त को पूर्वी दिल्ली नगर निगम मुख्यालय का घेराव करेंगे। कर्मचारियों की यूनियन ने घोषणा की है कि डीबीसी जबरदस्त रोष प्रदर्शन करेंगे। गौरतलब है कि कोरोना महापारी के दौरान अपनी जान को जोखिम में डालकर फ्रंटलाइन वर्कर्स की भूमिका निभाने वाले डीबीसी कर्मचारी पिछले तीन महीने से वेतन नहीं मिलने से परेशान हैं।

यह भी पढ़ेंः- उत्तरी निगम में एक और मिड-डे मील घोटाला… गरीब बच्चों के मुंह से छीना निबाला!

एंटी मलेरिया एकता कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष देव आनंद शर्मा ने कहा कि डीबीसी कर्मचारियों पर नगर निगम के अधिकारियों और नेताओं द्वारा अत्याचार किया जा रहा है। पूर्वी दिल्ली नगर निगम की ओर से सेलरी नहीं मिल पाने की वजह से सभी डीबीसी कर्मचारी भारी कर्ज में डूब गये हैं। नगर निगम में सबसे कम वेतन डीबीसी कर्मचारियों को ही दिया जाता है। निगम में वर्षों से कार्यरत इन कर्मचारियों को न्यूनतम वेतन में भी सबसे निचले स्तर का वेतन दिया जाता है और उनके हक में एक भी फैसला नहीं लिया जाता।

यह भी पढ़ेंः- SDMC: सवा करोड़ की मशीन… ढाई करोड़ का मेंटेनेंस… 10 करोड़ दांव पर!

देवानंद शर्मा ने आगे कहा कि पूर्वी दिल्ली नगर निगम की ओर से डीबीसी कर्मचारियों के साथ घोर लापरवाही पूर्ण, असंवेदनशील व गैर जिम्मेदाराना रवैया अपनाया जा रहा है। हमने एक सप्ताह पहले ही निगम अधिकारियों और निगम के नेताओं को एक पत्र लेकर डीबीसी कर्मियों का वेतन जारी करने की मांग की थी। लेकिन उनका वेतन जारी करने के बजाय दूसरे काम पर लगा दिया गया और उन्हें धमकी भरे मैसेज और पत्र भी जारी किये गये हैं।

यह भी पढ़ेंः- बीजेपी शासित निगम का कारनामाः 35 करोड़ में बेच डाली डेढ़ सौ करोड़ की संपत्ति

यूनियन के अध्यक्ष ने कहा कि इस समय जलजनित एवं मच्छर जनित बीमारियों का मौसम है। हमारे डीबीसी कर्मचारी नहीं चाहते कि दिल्ली वालों को उनकी वजह से किसी समस्या का सामना करना पड़े। लेकिन जब कर्मचारियों को अपना घर चलाने के लिए वेतन ही नहीं मिलेगा तो वह कब तक भूखे पेट काम कर सकते हैं? डीबीसी कर्मचारियों को अपने परिवारों को पालना मुश्किल हो गया है। यदि निगम अधिकारियों और नेताओं ने उनकी मांगों पर संवेदना दिखाते हुए गंभीरता पूर्वक विचार नहीं किया तो, आने वाले दिनों में डीबीसी कर्मचारी हड़ताल पर भी जा सकते हैं।