दिल्ली: कांग्रेस को झटका… कई नेताओं ने छोड़ी पार्टी, “आप” में शामिल होंगे मुकेश गोयल

-पार्टी में लंबे समय से चल रहे थे उपेक्षित, जूनियर नेताओं को मिल रही तवज्जो

हीरेन्द्र सिंह राठौड़/ नई दिल्ली
राजधानी दिल्ली में अपनी खोई हुई जमीन तलाश रही कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। उत्तरी दिल्ली नगर निगम में कांग्रेस दल के नेता और 25 वर्षों से लगातार निगम पार्षद चले आ रहे मुकेश गोयल ने शुक्रवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया। उनके साथ निगम पार्षद पूनम बागडी ने भी पार्टी से इस्तीफा दे दिया है।
मुकेश गोयल शनिवार को दिल्ली के डिप्टी चीफ मिनिस्टर मनीष सिसोदिया की मौजदगी में आम आदमी पार्टी जॉइन कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि कांग्रेस के कई अन्य पार्षद भी आम आदमी पार्टी में जाने की तैयारी में हैं। सूत्रों के मुताबिक मुकेश गोयल अगला निगम चुनाव आम आदमी के टिकट पर लड़ेंगे।
सूत्रों का ये भी कहना है कि आम आदमी पार्टी मुकेश गोयल को 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ाएगी। बताया जा रहा है कि मुकेश गोयल के आम आदमी पार्टी में जाने की खबरें तो कई महीने चल रही थीं। लेकिन पिछले दिनों दिल्ली के सीएम और आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल के साथ हुई उनकी मुलाकात के बाद उनका आप में जाना पक्का हो गया था।
कांग्रेस में हो रही थी उपेक्षा!
बताया जा रहा है कि मुकेश गोयल कांग्रेस में अपने आप को बेहद उपेक्षित महसूस कर रहे थे।  अपने से बहुत ज्यादा जूनियर नेताओं को पार्टी में तवज्जो दिए जाने से भी वह परेशान थे। हाल ही में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कई नेताओं को अहम जिम्मेदारियां दी थी, लेकिन मुकेश गोयल को केवल प्रबक्ता बनाकर छोड़ दिया था।