दिल्ली बीजेपीः प्रदेश से पहले जिला अध्यक्षों के पद पर रस्साकसी

-दिल्ली प्रदेश बीजेपी के कोर ग्रुप की बैठक में हुई चर्चा
-पहले मंडल, फिर जिलों और बाद में होगा प्रदेश का गठन

हीरेन्द्र सिंह राठौड़/ नई दिल्ली
प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष पद पर आदेश गुप्ता की ताजपोशी के बाद सोमवार को कोर ग्रुप की पहली बैठक हुई। बैठक में कुछ दूसरे मुद्दों के साथ प्रदेश संगठन के गठन पर गहन चर्चा हुई। संगठन के गठन के लिए राष्ट्रीय महामंत्री अरूण सिंह और महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष विजया राहटकर को जिम्मेदारी दी गई है। यह दोनों दिल्ली बीजेपी में नेतृत्व परिवर्तन के बाद पहली बार ओपचारिक बैठक में शामिल हुए। बताया जा रहा है कि प्रदेश कार्यकारिणी के गठन की घोषणा जुलाई महीने के अंत तक जा सकती है।

यह भी पढ़ेंः- नगर निगमः ‘फर्जी हाजिरी घोटाले’ की भेंट चढ़ीं 4 हजार बायोमैट्रिक मशीनें

पार्टी से जुड़े सूत्र बताते हैं कि बैठक में नई प्रदेश कार्यकारिणी के गठन पर चर्चा की गई। हालांकि इस बैठक में कोई नाम फाइनल नहीं किया गया है। बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है कि दिल्ली बीजेपी में पहले मंडल और जिलों का गठन किया जाएगा। इसके बाद प्रदेश कार्यकारिणी का गठन होगा।

यह भी पढ़ेंः- कौन बनेगा दिल्ली बीजेपी का पदाधिकारी?…तय करने की प्रक्रिया जारी!

प्रदेश बीजेपी से जुड़े सूत्रों के मुताबिक पहले मंडल और जिलों के गठन के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किये जाने हैं। मंडलों के लिए इसी सप्ताह पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की जा सकती है। इसके बाद जिलों के गठन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

यह भी पढ़ेंः- बीजेपी ने दिल्ली सरकार पर लगाया 1131 करोड़ के घोटाले का आरोप

हालांकि प्रदेश के नेताओं ने इससे पहले प्रदेश और जिलों के गठन की एक साथ घोषणा करने की बात कही थी। लेकिन कोर ग्रुप की बैठक में पहले मंडल और जिलों के गठन का निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही दिल्ली बीजेपी में मंडल और जिला अध्यक्षों के पद के लिए रेस शुरू हो गई है।
बदले जाएंगे पुराने जिला अध्यक्ष
दिल्ली बीजेपी के सूत्र बताते हैं कि पार्टी सभी 14 जिलों के अध्यक्षों को बदलेगी। बैठक में फैसला किया गया है कि जिलों में नये लोगों को जिम्मेदारी दी जाएगी। इसके चलते पार्टी में जिला अध्यक्ष पदों के लिए दौड़ शुरू हो गई है। जिला अध्यक्ष पद की दौड़ के लिए चर्चा में शामिल नेताओं के नाम कुछ इस तरह से हैं।-

1. उत्तर पूर्वी जिला
उत्तर पूर्वी जिला में पूर्व निगम पार्षद महक सिंह का नाम चर्चा में है। महक सिंह के अलावा यहां मोहन गोयल, दिनेश धामा के नाम भी लिया जा रहा है।
2. नवीन शाहदरा जिला
उत्तर पूर्वी लोकसभा क्षेत्र के तहत आने वाले नवीन शाहदरा जिला में अध्यक्ष पद के लिए पूर्व निगम पार्षद मनोज त्यागी का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है। इसके अलावा संजय सुरजन और मास्टर विनोद के नाम भी चर्चा में बताए जा रहे हैं।
3. मयूर विहार जिला
मयूर विहार जिला में संजीव सिंह को राष्ट्रीय महामंत्री अरूण सिंह की पहली पसंद बताया जा रहा है। हालांकि यहां निगम पार्षद देवेंद्र चौधरी, विजेंद्र धामा, अनूप और बबलू पांडे के नाम भी जिला अध्यक्ष की दौड़ में शामिल बताए जा रहे हैं।
4. शाहदरा जिला
पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के शाहदरा जिला में अध्यक्ष पद के लिए विरेंद्र अग्रवाल और संतोष पाल के नाम आगे बताए जा रहे हैं। हालांकि यहां से जीतू चौधरी और राजीव गुगलानी को भी जिला अध्यक्ष पद के लिए मजबूत दावेदार माना जा रहा है।
5. महरौली जिला
महरौली जिला में अध्यक्ष पद के दावेदारों में गजेंद्र यादव की दावेदारी सबसे ज्यादा मजबूत मानी जा रही है। गजेंद्र यादव की पत्नी फिलहाल निगम पार्षद है।। उनके अलावा विकास तंवर और कुषुम खत्री को भी मजबूत दावेदार कहा जा रहा है। कुषुम खत्री इससे पहले चुना लड़ चुकी हैं।
6. दक्षिणी दिल्ली जिला
दक्षिणी दिल्ली जिला में अध्यक्ष पद के लिए ज्यादा नाम चर्चा में नहीं हैं। यहां पूर्व निगम पार्षद धर्मवीर सिंह को अध्यक्ष पद के लिए मजबूत दावेदार बताया जा रहा है। धर्मवीर सिंह हाल ही में कालकाजी विधानसभा से चुनाव लड़ चुके हैं।
7. करोलबाग जिला
करोलबाग जिला में सुनील कक्कड़ को अध्यक्ष पद का मजबूत दावेदार बताया जा रहा है। हालांकि विरेंद्र बब्बर भी जिला अध्यक्ष पद के दमदार दावेदार हैं। दोनों ही नेता पहले निगम पार्षद रह चुके हैं, जबकि विरेंद्र बब्बर पहले जिला अध्यक्ष भी रह चुके हैं। इस जिले में तीसरा नाम अनुज शर्मा का मजबूती के साथ लिया जा रहा है। प्रदेश अध्यक्ष के साथ अनुज शर्मा की अच्छी ट्यूनिंग बताई जा रही है।
8. नई दिल्ली जिला
नई दिल्ली जिला में सबसे मजबूत दावेदारों में शैलेंद्र सिंह मोंटी और राजीव राणा के नाम लिये जा रहे हैं। हालांकि शैलेंद्र िंसंह मोंटी हाल ही में विधानसभा चुनाव हार चुके हैं। यहां जिला अध्यक्ष के लिए तीसरा नाम सुरेश शर्मा का बताया जा रहा है।
9. उत्तर पश्चिम जिला
उत्तर-प्रश्चिम जिला में अध्यक्ष पद के लिए पूर्व निगम पार्षद प्रवेश वाही को सबसे मजबूत दावेदार बताया जा रहा है। उनके अलावा यहां देवेंद्र सोलंकी जिला अध्यक्ष पद के दावेदार हैं। इस जिले से तीसरा नाम लोचन गुप्ता का बताया जा रहा है।
10. बाहरी दिल्ली जिला
बाहरी दिल्ली जिला में अध्यक्ष पद के लिए आजाद सिंह का नाम लिया जा रहा है। हालांकि वह लगातार तीन बार विधानसभा चुनाव हार चुके है। पार्टी में एक गुट जिला अध्यक्ष पद के लिए उनके स्थान पर उनके बेटे दुष्यंत लाकड़ा का नाम आगे बढ़ा रहा है। दूसरी ओर पूर्व विधायक मनोज शौकीन की ओर से राजपाल का नाम जिला अध्यक्ष पद के लिये आगे किया जा रहा है। बता दें कि राजपाल हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में पार्टी छोड़कर चले गए थे।
11. चांदनी चौक जिला
चांदनी चौक में जिला अध्यक्ष के लिए प्रवीण जैन सबसे मजबूत दावेदार बताए जा रहे हैं। जैन के अलावा यहां अजय भारद्वाज और राकेश अग्रवाल के नाम भी चर्चा में बताए जा रहे हैं।
12. केशव पुरम जिला
केशव पुरम में जिला अध्यक्ष पद के लिए वर्तमान प्रदेश सचिव संजीव शर्मा का नाम आगे बताया जा रहा है। हालांकि संजीव शर्मा ने खुद प्रदेश में ही काम करने की इच्छा जताई है। उनके अलावा जिला महामंत्री विरेंद्र अग्रवाल और राजकुमार भाटिया का नाम लिया जा रहा है। यह दोनों ही नेता निगम और विधानसभा चुनाव हार चुके हैं।
13. पश्चिम दिल्ली जिला
पश्चिमी जिला में जिला अध्यक्ष पद के लिए राजकुमार ग्रोवर का नाम आगे बताया जा रहा है। हालांकि ग्रोवर की दिलचस्पी इसमें नहीं है। उनके अलावा यहां आनंद त्यागी, महेंद्र यादव और युवा मोर्चा में रह चुके सचिन भसीन के नाम भी चर्चा में हैं।
14. नजफगढ जिला
नजफगढ़ में जिला अध्यक्ष पद के लिए कई लोग दौड़ में शामिल हैं। हालांकि इनमें अमित खड़खड़ी का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है। इनके अलावा यहां सुखचैन सिंह और सुमन शर्मा के नाम भी चर्चा में बताए जा रहे हैं।