DELHI BJP: युवा मोर्चा अध्यक्ष के लिए दावेदारों की लंबी कतार

-पार्टी में हर वर्ग से हो रही दावेदारी
-फूंक फूंक कर कदम रख रहा नेतृत्व

हीरेन्द्र सिंह राठौड़/ नई दिल्ली
प्रदेश भारतीय जनता पार्टी इस समय संगठन के गठन के दौर से गुजर रही है। मंडल अध्यक्ष पद के साथ ही जिला अध्यक्षों के लिए भी रायशुमारी हो चुकी है। प्रदेश के साथ ही मोर्चा अध्यक्षों की घोषणा भी होनी है। खास बात है कि युवा मार्चा के लिए इस बार दावेदारों की खासी लंबी कतार लगी है। युवा मोर्चा के लिए हर वर्ग से दावेदारी आ रही है। लेकिन पार्टी नेतृत्व जल्दबाजी के बजाय फूंक फूंक कर कदम रखने के मूड में है।

यह भी पढ़ेंः- सियासी बदले के लिए हुआ एक राजा का फर्जी एनकाउंटर

वर्तमान भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष सुनील यादव ने प्रदेश इकाई में बड़े पद की दावेदारी में हैं। माना जा रहा है कि अपने पूरे कार्यकाल के दौरान युवा मोर्चा को सक्रिय बनाए रखने वाले सुनील यादव को इस बार प्रदेश कार्यकारिणी में बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है। उनकी जगह लेने के लिए पार्टी में करीब डेढ़ दर्जन युवा नेताओं ने अपनी दावेदारी ठोंकी है।

यह भी पढ़ेंः- भक्तों को इस साल नहीं मिलेंगे बाबा बर्फानी के दर्शन

इनमें सौरभ नैयर, शिवम छाबड़ा, परीक्षित डागर, ललित खत्री, वासु रूखड़, शशि यादव, राम खिलाड़ी यादव, अनमोल राणा, तेजेंद्र बग्गा, राहुल सचदेवा और इंप्रीत सिंह बख्शी के नाम शामिल हैं। रामखिलाड़ी यादव, सौरभ नैयर और अनमोल राणा फिलहाल युवा मोर्चा में प्रदेश उपाध्यक्ष हैं। जबकि वासु रूखड़ अभी युवा मोर्चा में प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इनके अलावा भी कई ऐसे नाम हैं तो युवा मोर्चा की कमान संभालना चाहते हैं।
पंजाबी, जाट या अन्य को मिलेगी प्राथमिकता!
दिल्ली बीजेपी से जुड़े सूत्र बताते हैं कि इस बार युवा मोर्चा की कमान पंजाबी या जाट में से किसी को दी जा सकती है। इनमें पंजाबी बतौर सौरभ नैयर और शिवम छाबड़ा प्रमुख दावेदार हैं। जबकि जाट बिरादरी से परीक्षित डागर और ललित खत्री प्रबल दावेदार बताए जा रहे हैं। इनके अलावा ओबीसी में रामखिलाड़ी यादव और अनुसूचित जाति कोटे से वासु रूखड़ युवा मोर्चा अध्यक्ष के लिए बड़े दावेदार बताए जा रहे हैं।
जमीनी कार्यकर्ताओं पर जोर
दिल्ली बीजेपी में जमीनी कार्यकर्ताओं की तलाश पर ज्यादा जोर दिया जा रहा है। आने वाले दिनों में पार्टी पदाधिकारियों को ज्यादा काम करना होगा। 2022 में नगर निगम चुनाव होने हैं। इसके मद्देनजर भी ऐसे कार्यकताओं को पदाधिकारी बनाने पर जोर देने की कोशिश की जा रही है, जो घर-घर जाने और युवाओं को पार्टी के कामकाज के साथ जोड़ पाने में सक्षम रह सकें। वर्तमान युवा मोर्चा अध्यक्ष सुनील यादव के कार्यकाल में युवा मोर्चा खूब चर्चा में रहा है।