नरेला में अध्यक्ष पद पर क्रास वोटिंग…सिटी-एसपी जोन पर आप का कब्जा

-छह में से पांच जोन में बीजेपी की जीत
-सिविल लाइंस में कांग्रेस के नामांकन वापस

टीम एटूजैड/ नई दिल्ली
उत्तरी दिल्ली नगर निगम की छह वार्ड समितियों के चुनाव में बीजेपी ने छह में से पांच पर कब्जा कर लिया। सिटी-सदर पहाड़गंज जोन पर आम आदमी पार्टी ने जीत हासिल की है। वार्ड समितियों के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष के साथ शुक्रवार को निगम मुख्यालय सिविक सेंटर में स्थायी समिति के सदस्यों के लिए भी चुनाव हुआ।

यह भी पढ़ेंः- बदला वर्षा जोशी का एक और फैसला… आयुष विभाग में पुराने डायरेक्टर की नियुक्ति

सिटी व सदर पहाड़गंज वार्ड समिति के चुनाव में आम आदमी पार्टी के मोहम्मद सादिक अध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए। कांग्रेस पार्टी की प्रेरणा सिंह ने चुनाव से पहले अध्यक्ष पद से अपना नामांकन वापस ले लिया। आम आदमी पार्टी के ही धमेन्द्र कुमार उपाध्यक्ष पद के लिए निर्वाचित हुए। कांग्रेस पार्टी की पार्षद सुलक्षणा ने भी इस पद के लिए भरा अपना नामांकन वापस ले लिया था। वहीं आम आदमी पार्टी के विक्की गुप्ता स्थायी समिति के सदस्य निर्वाचित हुए। इस पद के लिए भारतीय जनता पार्टी के अवतार सिंह व कांग्रेस के राकेश कुमार ने भी नामांकन किया था। लेकिन दोनों ने ही चुनाव से पहले अपने नामांकन वापस ले लिये।

यह भी पढ़ेंः- जीत कर भी हारी बीजेपी… निगम में जमकर हुई क्रास वोटिंग

सिविल लाईंस वार्ड समिति के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के राजा इकबाल सिंह अध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए। कांग्रेस की गुड्डी देवी ने चुनाव पूर्व अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन वापस ले लिया था। यहां बीजेपी की कल्पना झा उपाध्यक्ष पद के लिए निर्वाचित हुईं। केशव पुरम, रोहिणी और करोलबाग जोन के लिए वार्ड समिति के चुनाव में बीजेपी उम्मीदवारों ने निर्विरोध जीत हासिल की।

यह भी पढ़ेंः- SOUTH DMC: साहब मेहरबान…सीएफडब्लू से लिया जा रहा ड्राईवर का काम

नरेला में अध्यक्ष पद पर क्रास वोटिंग
सबसे दिलचस्प चुनाव नरेला वार्ड समिति का रहा। यहां भारतीय जनता पार्टी के जयेंद्र डबास अध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए। लेकिन अध्यक्ष पद के लिए हुए मतदान में बीजेपी के एक पार्षद ने क्रास वोटिंग की। जयेंद्र डबास को कुल 21 वैध मतों में से 11 मत प्राप्त हुए। जबकि संख्या बल के आधार पर उन्हें 12 वोट मिलने चाहिए। जबकि जयेंद्र के सामने इसी पद के लिए पूनम चुनाव लड़ रही थीं। उन्हें 9 के बजाय 10 वोट हासिल हुए।

यह भी पढ़ेंः- किराये की कोख और 10 लाख का बच्चा

बताया जा रहा है कि बीजेपी नेताओं को बार-बार पत्र लिखने वाली एक पार्षद ने क्रास वोटिंग की है। हालांकि उपाध्यक्ष पद और स्थायी समिति के लिए हुए चुनाव में बीजेपी के उम्मीदवारों को 12-12 मत ही पड़े। वार्ड सिंमति के उपाध्यक्ष पद के लिए बीजेपी पार्षद सविता को 21 मतों में से 12 वोट हासिल हुए। सविता ने आम आदमी पार्टी के कुलदीप मित्तल को हराया। आम आदमी पार्टी के अनिल को हराकर भाजपा के विजेंद्र यादव स्थायी समिति के सदस्य निर्वाचित हुए उन्हें भी 21 में से 12 वोट हासिल हुए।
अलग अलग जोन में जीत हासिल करने वाले उम्मीदवार
सिटी-एसपी जोन- मोहम्मद सादिक (आप) अध्यक्ष, धमेन्द्र कुमार (आप) उपाध्यक्ष, विक्की गुप्ता (आप) सदस्य
सिविल लाइंस- राजा इकबाल सिंह (बीजेपी) अध्यक्ष, कल्पना झा (बीजेपी) उपाध्यक्ष,
करोलबाग- तेज राम फौर (बीजेपी) अध्यक्ष, बबीता भारीजा (बीजेपी) उपाध्यक्ष,
केशवपुरम- जोगी राम जैन (बीजेपी) अध्यक्ष,मंजु खंडेलवाल (बीजेपी) उपाध्यक्ष,
रोहिणी- आलोक शर्मा (बीजेपी) अध्यक्ष, सरोज बाला जैन (बीजेपी) उपाध्यक्ष, विनोद महेन्द्रू (बीजेपी) सदस्य
नरेला- जयेंद्र डबास (बीजेपी) अध्यक्ष, सविता (बीजेपी) उपाध्यक्ष, विजेंद्र यादव (मनोनीत सदस्य) सदस्य