BJP को झटकाः भाजपा सांसद रीता बहुगुणा के बेटे मयंक ने थामा सपा का दामन

-चुनाव के आखिरी चरण से पहले बढ़ा उत्तर प्रदेश का सियासी पारा

एसएस ब्यूरो/ आजमगढ़, 5 मार्च, 2022
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के आखिरी चरण के मतदान से पहले भाजपा सांसद रीता बहुगुणा जोशी के बेटे मयंक जोशी समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए हैं। यह ऐलान समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आजमगढ़ में एक रैली के दौरान किया। इस दौरान उन्होंने मंच पर मयंक का स्वागत किया और धन्यवाद दिया। बता दें कि कुछ दिन पहले ही मयंक जोशी ने अखिलेश यादव से मुलाकात की थी जिसके बाद से कयास लगाए जा रहे थे कि वह सपा में शामिल होंगे।

यह भी पढ़ेंः निगम चुनाव की तैयारी पूरी…11 मार्च के बाद कभी भी जारी हो सकता है नोटिफिकेशन

जनसभा में अखिलेश ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सांसद रीता बहुगुणा जोशी के बेटे मयंक जोशी आज समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए। इनके आने से पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा। इसके साथ ही उन्होंने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। आजमगढ़ में अखिलेश ने कहा कि “आज प्रचार का आखिरी दिन है आजमगढ़ की दसों सीटें जिताने के लिए अपील करने आया हूं। बीजेपी सरकार में युवाओं को इंतजार करना पड़ा, उनको कोई नौकरी रोजगार नहीं मिला, सभी संस्थाओं को बीजेपी ने बेंच दिया।“

यह भी पढ़ेंः दंगों के आरोपी ताहिर की बीवी लड़ेगी निगम चुनाव… दंगों की कालिख छुटाने की तैयारी

अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी के नेता का लैपटॉप वाला वीडियो देख कर लोग लोटपोट हो रहे हैं। 12वीं पास के बाद इंटरमीडिएट में एडमिशन लेने वालों को लैपटॉप देने जा रहे हैं। शुक्र है इन्होंने ऐसा नहीं कहा कि इंटर के बाद 10 वीं पास करने वालों को लैपटॉप देंगे। इस बार आजमगढ़ में इतना धुआंधार वोट पड़ने जा रहा है कि बीजेपी के लोग धुआं-धुआं हो जाएंगे।