पिटते-पिटते बचे बीजेपी नेता… झुग्गी सम्मान यात्रा के साइड इफेक्ट्स!

-युवा मोर्चा के पूर्व पदाधिकारी ने सुनाई प्रदेश उपाध्यक्ष को खरी-खोटी

हीरेन्द्र सिंह राठौड़/ नई दिल्ली
प्रदेश भारतीय जनता पार्टी की झुग्गी सम्मान यात्रा के फायदे तो बाद में पता चलेंगे लेकिन इसके साइड इफैक्ट्स सामने आने लगे हैं। इस यात्रा के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं की आपसी खींचतान भी खुलकर सामने दिखाई दी। पिछले दिनों इसी यात्रा से संबंधित एक कार्यक्रम के दौरान प्रदेश बीजेपी के एक उपाध्यक्ष पिटते-पिटते बच गये। पार्टी के युवा मोर्चा के एक पदाधिकारी और एक मंडल अध्यक्ष ने उपाध्यक्ष महोदय को खूब खरी-खोटी सुनाई।

यह भी पढ़ेंः नॉर्थ निगमः रेजीडेंट डॉक्टर्स में फूट… एक गुट हड़ताल पर अड़ा… बाधित रहेंगी स्वास्थ्य सेवाएं

मामला नई दिल्ली इलाके में निकाली गई झुग्गी सम्मान यात्रा के कार्यक्रम से जुड़ा है। सूत्रों का कहना है कि दिल्ली बीजेपी के दो उपाध्यक्षों की मनमानी की वजह से कार्यकर्ताओं एवं अन्य पदाधिकारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इन्हीं में से एक उपाध्यक्ष महोदय एंड्रयूगंज इलाके में उस दिन मंच पर विराजमान थे, वहीं से उन्होंने अपनी आदत के अनुसार किसी बात को लेकर युवा मोर्चा के पूर्व पदाधिकारी को कुछ कह दिया। इससे पहले वह इसी इलाके के एक मंडल अध्यक्ष के साथ ही बदतमीजी कर चुके थे।

यह भी पढ़ेंः नहीं थम रही कांग्रेस में मची भगदड़… अभी और पार्षर्द थामेंगे ‘आप’ का दामन!

दोनों नेताओं ने उपाध्यक्ष महोदय को मंच से उतरते ही पकड़ लिया। मामला इतना बढ़ा कि युवा मोर्चा के पूर्व पदाधिकारी ने उपाध्यक्ष महोदय को जमकर मां-बहन की गालियां सुनानी शुरू कर दीं। मामले को हाथापाई तक पहुंचता देख प्रदेश बीजेपी के एक महामंत्री ने युवा मोर्चा के पूर्व पदाधिकारी को समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया, नहीं तो उस दिन उपाध्यक्ष महोदय की जमकर पिटाई हो जाती।