आदेश गुप्ता की दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष पद पर ताजपोशी

-प्रदेश कार्यालय में आयोजित सादा समारोह में किया पदभार ग्रहण
-पांच पूर्व अध्यक्ष, एक मंत्री, एक पूर्व मंत्री, पांच सांसद हुए शामिल

टीम एटूजैड/ नई दिल्ली
शुक्रचसा को दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त अध्यक्ष आदेश गुप्ता की ताजपोशी की गई। प्रदेश बीजेपी कार्यालय में आयोजित एक सादा समारोह में उन्होंने पदभार ग्रहण किया। इस मौके पर बीजेपी के राष्ट्रीय पदाधिकारी सीमित संख्या में प्रदेश व जिला पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।

यह भी पढ़ेंः- NORTH DMC: हिंदूराव में बंद हुए कोविड-19 के टैस्ट… हाथ पर हाथ धरे बैठे रहे अधिकारी

आदेश गुप्ता की ताजपोशी की खास बात यह रही कि इस मौके पर दिल्ली के पांच पूर्व अध्यक्षों में केंद्रीय मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन, पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल, निवर्तमान अध्यक्ष व सांसद मनोज तिवारी, सतीश उपाध्याय व विधायक विजेंद्र गुप्ता विशेष रूप से मौजूद रहे। मनोज तिवारी ने पार्टी का पटका पहनाकर आदेश गुप्ता को प्रदेश अध्यक्ष पद का कार्य-प्रभार सौंपा। कार्यक्रम के उपरांत आदेश गुप्ता ने प्रदेश कार्यालय में डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी व पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

यह भी पढ़ेंः- BJP अध्यक्ष के सामने निगमों को मजबूत नेतृत्व देने की चुनौती!

शुक्रवार को विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर आदेश गुप्ता ने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू एवं निवर्तमान दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी के साथ मिलकर पौधारोपण भी किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दुष्यंत गौतम, केंद्रीय मंत्री व सांसद डॉ. हर्षवर्धन, नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी, पूर्व केन्द्रीय मंत्री विजय गोयल, राष्ट्रीय मंत्री सरदार आर पी सिंह, सांसद मीनाक्षी लेखी, रमेश बिधूड़ी, प्रवेश साहिब सिंह व दिल्ली भाजपा संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, मिजोरम प्रभारी पवन शर्मा, प्रदेश महामंत्री कुलजीत सिंह चहल, राजेश भाटिया आदि मौजूद रहे।

यह भी पढ़ेंः- COVID-19 का तूफान… MHO ने सुनवाया निगम बोध से सेवाएं हटाने का फरमान!

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व दिल्ली प्रभारी श्याम जाजू ने नवनियुक्त भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता को बधाई देते हुए कहा कि दिल्ली के लोगों के लिए आदेश गुप्ता का परिचय नया नहीं है। जमीन से जुड़े कार्यकर्ता आदेश जी सदैव दिल्ली की लोगों की सेवा करते रहे हैं और उनसे जुड़ कर काम कर रहे हैं। कोई भी व्यक्ति किसी प्रकार की सहायता के लिए आदेश जी से सीधा संपर्क कर सकता है और यही उनकी विशेषता है। आदेश जी के परिवार का जिक्र अटल जी ने स्वयं अपनी किताब में किया है। दिल्ली में अलग-अलग दायित्वों का निर्वहन करते हुए आज आदेश जी अपने बलबूते पर दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के पद तक पहुंचे हैं। उनके संघर्ष का ही परिणाम है कि केंद्रीय नेतृत्व ने उन्हें इतनी बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।

यह भी पढ़ेंः- कस्तूरबा और गिरिधर लाल हॉस्पिटल में COVID-19 पॉजिटिव निकले स्वास्थ्यकर्मी!

हम मिलकर पार्टी के विस्तार और लोगों की सेवा के लिए संकल्पित हैं। जाजू ने कहा कि अरविन्द केजरीवाल सिर्फ विज्ञापन और ट्वीटर पर लोगों को आस्वासन दे रहे हैं जमीन पर दिल्ली की हकीकत जानने के लिये कहीं नहीं जा रहे हैं। प्राइवेट लैब बंद करना एक साजिश है जिससे कोरोना के असली आंकड़ों को छिपाया जा सके। जांच कराना लोगों का मौलिक अधिकार है जिसका हनन कोई भी सरकार नहीं कर सकती। इस समय दिल्ली के लोगों को सबसे ज्यादा राहत की जरूरत है। लेकिन मुख्यमंत्री अपने दायित्वों से भागने के बहाने बना रहे हैं।

यह भी पढ़ेंः- अपने ही डॉक्टर की जान नहीं बचा सका हिंदू राव अस्पताल: निगम अफसरों को शर्म पर आती नहीं

निवर्तमान दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने श्री आदेश गुप्ता को दिल्ली भाजपा अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर बधाई देते हुए कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि जिस कर्मठता के साथ आदेश गुप्ता जी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते आए हैं उसी तरह बतौर प्रदेश अध्यक्ष पार्टी कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे। पूर्व में भारतीय जनता पार्टी के कई महान नेताओं ने इस पद की गरिमा को बढ़ाया है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आदेश गुप्ता जी के नेतृत्व में दिल्ली भाजपा नई ऊंचाइयों को हासिल करेगा। इस समय दिल्ली संकट के दौर से गुजर रही है, ऐसे समय में हम सभी मिलकर नवनियुक्त दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के साथ दिल्ली को इन चुनौतियों से बाहर निकालने की पूरी कोशिश करेंगे।
दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने उपस्थित सभी वरिष्ठ नेताओं को धन्यवाद किया और अपने स्वर्गीय स्वतंत्रता सेनानी दादाजी को याद करते हुए हुए कहा कि यह मेरे लिए ऐतिहासिक क्षण है। विश्व की सबसे बड़ी पार्टी के दिल्ली इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर मैं गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी एल संतोष एवं सभी राष्ट्रीय नेतृत्व का मैं हृदय से आभार व्यक्त करता हूं कि मुझ जैसे छोटे से सामान्य कार्यकर्ता को इतनी बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। मैं पार्टी के नेता और कार्यकर्ताओं को यह विश्वास दिलाना चाहता हूं कि मैं आपके विश्वास पर पूर्ण रूप से खरा उतरूंगा। यह मेरे लिए सौभाग्य की बात है कि मुझे भाजपा के वरिष्ठ नेताओं का आशीर्वाद और मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। बतौर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मैं सभी जिम्मेदारियों को साथ लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं के विश्वास के साथ संगठन को मजबूत बनाने का कार्य करूंगा। वैश्विक महामारी कोरोना के कारण उत्पन्न हुए संकट के समय में बहुत सारी चुनौतियां हैं जिसका हम साथ मिलकर हल निकालेंगे।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय को नमन करते हैं आदेश गुप्ता ने कहा कि एकात्म मानववाद के लक्ष्य के साथ भारतीय जनता पार्टी काम करती है। भाजपा के लिए पहले देश है फिर पार्टी और स्वयं सबसे आखिर में है, इन्हीं सिद्धांतों के साथ हम निरंतर काम करते रहेंगे और पूरी तन्मयता और परिश्रम के साथ दिल्ली की सेवा करेंगे। दिल्ली के लोगों के भलाई के लिए भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर काम कर रहे हैं और सेवा कार्य में अपना योगदान दे रहे हैं। लगभग 26000 से ज्यादा कार्यकर्ताओं ने मिलकर इस संकट के समय में दिल्ली के एक करोड़ से ज्यादा लोगों तक भोजन, राशन वह अन्य सहायता पहुंचाई है। यह भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं की कार्य प्रणाली की विशेषता है कि संकट के समय में हमने राजनीति से ऊपर उठकर एक सकारात्मक रुख अपनाते हुए बिना किसी सरकारी सहायता के दिल्ली के लोगों की सेवा की है।
आदेश गुप्ता ने निवर्तमान दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी को धन्यवाद करते हुए कहा कि तिवारी जी के नेतृत्व में दिल्ली भाजपा ने नए आयाम स्थापित स्थापित किए हैं। पूर्व में दिल्ली भाजपा अध्यक्ष और पार्टी कार्यकर्ताओं को बल प्रदान किया है और संगठन को आगे बढ़ाने का काम किया है। पार्टी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद करते हुए गुप्ता ने कहा कि हमें साथ मिलकर दिल्ली भाजपा के द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों को और गति प्रदान करने के साथ ही संगठन का विस्तार करने के लिए काम करना है।
गुप्ता ने कहा कि कोरोना महामारी से लड़ने के लिए दिल्ली सरकार जो लापरवाही और संवेदनहीनता दिखा रही है वह बहुत ही दुखद है। दिल्ली भाजपा भी यही चाहती है कि दिल्ली के लोगों को सभी तरह की सहूलियत मिले, उन्हें समय पर इलाज मिले, किसी भी व्यक्ति की कोरोनावायरस से मृत्यु न हो। एक बार फिर से दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को हम यह प्रस्ताव देना चाहते हैं कि दिल्ली के लोगों की सेवा के लिए किसी भी प्रकार की सहायता की जरूरत है तो हम उसके लिए तैयार हैं। जहां भी मुख्यमंत्री केजरीवाल को यह लगता है कि भाजपा के सांसदों, विधायकों, नेताओं की सकारात्मक शक्ति की जरूरत है तो इसके लिए भी हम तैयार हैं।