नॉर्थ निगमः रेजीडेंट डॉक्टर्स में फूट… एक गुट हड़ताल पर अड़ा… बाधित रहेंगी स्वास्थ्य सेवाएं

-हिंदूराव अस्पताल में सोमवार को भी बाधित रह सकती हैं स्वास्थ्य सेवाएं
-एमसीडीए ने सोमवार 29 नवंबर से अपनी प्रस्तावित हड़ताल को वापस लिया

हीरेन्द्र सिंह राठौड़/ नई दिल्ली
बीते सोमवार से हड़ताल पर चले आ रहे रेजिडेंट डॉक्टर्स में फूट पड़ गई है। शनिवार को एक गुट ने उत्तरी दिल्ली के महापौर व निगम आयुक्त के साथ हुई बैठक में एक सप्ताह से चली आ रही हड़ताल को वापस लेने की घोषणा कर दी थी। लेकिन दूसरे गुट ने इस निर्णय को मानने से इनकार कर दिया है। दूसरे गुट के डॉक्टर्स अब भी हड़ताल पर अड़े हुए हैं और सोमवार को भी आंदोलन करने की घोषणा कर दी है।

यह भी पढ़ेंः नहीं थम रही कांग्रेस में मची भगदड़… अभी और पार्षर्द थामेंगे ‘आप’ का दामन!

बताया जा रहा है कि शनिवार को हुई बैठक के बाद ही रेजिडेंट डॉक्टर्स की एसोसिएशन (आरडीए) के नेताओं में फूट की बात सामने आ गई थी। बताया यह भी जा रहा है कि दूसरे गुट के हड़ताल को जारी रखने के निर्णय के बाद हिंदूराव अस्पताल की आरडीए के दो डॉक्टर नेताओं ने अपने पदों से इस्तीफा भी दे दिया है और हड़ताली डॉक्टर्स के संपर्क में नहीं हैं।
निगम के दूसरे अस्पतालों में भी ओपीडी व मरीजों की भर्ती बंद
केवल हिंदूराव अस्पताल ही नहीं बल्कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम के दूसरे अस्पतालों में भी पिछले कई दिनों से मरीजों को भर्ती नहीं किया जा रहा है। निगम के कस्तूरबा अस्पताल में पिछले कई दिनों से मरीज भर्ती नहीं किये जा रहे हैं। रेजिडेंट डॉक्टर्स ने सोमवार से कस्तूरबा अस्पताल की ओपीडी सेवाओं को भी बंद रखने का ऐलान कर दिया है। वहीं गिरधरलाल अस्पताल और राजन बाबू टीबी हॉस्पिटल में भी रेजिडेंट डॉक्टर्स के आंदोलन की वजह से स्वास्थ्य सेवाएं चरमरा गई हैं।
दो महीने से नहीं मिली सेलरी
रेजिडेंट डॉक्टर्स की मांगें हैं कि उन्हें पिछले दो महीने का बकाया वेतन का भुगतान किया जाये, इसके साथ ही दिसंबर महीने से उनके वेतन में केंद्र सरकार की ओर से बढ़ाया गया डीए का पैसा भी दिया जाये। उनकी मांग है कि पिछले लंबे समय से चले आ रहे उनके ड्यूज का भी तुरंत भुगतान किया जाये। शनिवार को महापौर और निगम आयुक्त के साथ हुई बैठक में तय हुआ था कि डॉक्टर्स को अक्टूबर महीने की सेलरी सोमवार 29 नवंबर को जारी कर दी जायेगी, जबकि डीए को एरियर के बतौर बाद में भुगतान किया जायेगा। लेकिन इसके बावजूद रेजिडेंट डॉक्टर्स अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।
एमसीडीए ने वापस ली हड़ताल की कॉल
म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन डॉक्टर्स एसोसिएशन (एमसीडीए) ने सामवार 29 नवंबर से अपनी प्रस्तावित हड़ताल को वापस ले लिया है। एमसीडीए के अध्यक्ष डॉक्टर आरआर गौतम ने बताया कि हमने ताजा हालातों और मरीजों को होने वाली समस्याओं को देखते हुए अपनी प्रस्तावित हड़ताल को वापस ले लिया है। अभी हम निगम नेतृत्व की ओर से किये गये वादों का अवलोकन कर रहे हैं। यदि आवश्यक हुआ तो हमारी एसोसिएशन की बैठक में कभी भी सख्त कदम उठाने का फैसला लिया जा सकता है।